'जनमत की खुली लूट से सभी वाकिफ', बंगाल चुनाव के नतीजों पर भड़के अखिलेश यादव, BJP बोली- आपकी 'दीदी' को जनता ने हाशिए पर धकेला, अब आप...
सपा प्रमुख अखिलेश यादव बंगाल चुनाव के नतीजों पर भड़क उठे हैं। उन्होंने कहा कि जनमत की खुली लूट कैसे हुई है, इससे सभी वाकिफ हैं। वहीं बीजेपी ने कहा है कि 'दीदी' को जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है।
Akhilesh Yadav on Bengal Election Result: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की आलोचना करते हुए इसे देश की राजनीतिक इतिहास का एक घनघोर 'काला दिन' करार दिया।
सपा प्रमुख ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ममता बनर्जी का एक वीडियो शेयर किया जिसमें तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो दावा कर रही हैं कि उनके साथ बदसलूकी हुई और उन्हें लात मारी गई। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
बंगाल चुनाव नतीजों पर भड़के अखिलेश यादव
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'अब क्या सत्ताधारी राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाएंगे। देश के राजनीतिक इतिहास का ये एक घनघोर 'काला दिन' है। आज पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित।'
सपा प्रमुख ने लगाया ‘घपले’ का आरोप
अखिलेश यादव ने आगे लिखा, 'चुनावी व्यवस्था के नाम पर केंद्रीय बलों का जो दुरुपयोग मतगणना में आज बंगाल में हुआ है, ठीक वैसा ही घपला 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में अधिकांश जगह किया गया था, जिसकी साक्षात गवाह कन्नौज की विधानसभाएं थीं। फिर इसी निंदनीय मॉडल को फर्रुखाबाद के 2024 लोकसभा चुनाव में दोहराया गया था।'
'जनमत की खुली लूट कैसे हुई, सब वाकिफ'
उन्होंने कहा कि सब जानते हैं क्या हुआ है और सच क्या है और जनमत की खुली लूट कैसे हुई है। घोर, घोर, घोर निंदनीय!!!
'दीदी' को जनता ने हाशिए पर धकेल दिया- केशव प्रसाद मौर्य
वहीं उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'सपा बहादुर अखिलेश यादव को अब जनता सुनने को तैयार नहीं है। उनके तमिलनाडु वाले 'भैया' एम. के. स्टालिन और बंगाल की 'दीदी' ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है।'
'यूपी में सत्ता के सपने देखना छोड़ दें अखिलेश'
उन्होंने आगे लिखा, 'उनके 'भैया' राहुल गांधी का हाल पहले ही सब देख चुके हैं और हाल ही में बिहार में तेजस्वी यादव भी 'चारों खाने चित्त' हो चुके हैं। अब सपा बहादुर को 2027 में उत्तर प्रदेश में 'सत्ता के सपने' देखना छोड़ देना चाहिए। सच यह है कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में सपा बहादुर के हिस्से अब केवल ‘अंतहीन इंतजार' ही लिखा है।'
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत
बता दें कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने प्रचंड जीत हासिल की है और सूबे में पहली बार कमल खिल चुका है। इसी के साथ प्रदेश में तृणमूल कांग्रेस की 15 सालों की सत्ता भी खत्म हो गई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि टीएमसी ने 81 सीटों पर जीत हासिल की। ऐसे में यह परिणाम ममता बनर्जी और टीएमसी के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 5 May 2026 at 07:50 IST