अपडेटेड 6 April 2025 at 15:50 IST
'प्रभु राम हम सभी को जोड़ने वाली शक्ति...', रामनवमी पर श्रीलंका से लौटे PM मोदी, किए रामसेतु के दर्शन; VIDEO
रामनवमी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीलंका से लौटकर आए हैं। रास्ते में उन्होंने रामसेतु के भी दर्शन किए, जिसका वीडियो खुद शेयर किया।
PM Narendra Modi: रामनवमी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीलंका से लौटकर आए हैं। रास्ते में उन्होंने रामसेतु के भी दर्शन किए, जिसका वीडियो प्रधानमंत्री मोदी ने खुद शेयर किया है। श्रीलंका की राजकीय यात्रा के बाद रविवार को भारत लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि किस तरह से उन्हें राम सेतु और अयोध्या के 'सूर्य तिलक' दोनों के दर्शन करने का मौका मिला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'X' पर एक पोस्ट में लिखा- 'थोड़ी देर पहले श्रीलंका से लौटते समय मुझे राम सेतु के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। और एक दिव्य संयोग के रूप में ये उसी समय हुआ जब अयोध्या में सूर्य तिलक हो रहा था। दोनों के दर्शन करने का सौभाग्य मिला।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'प्रभु श्रीराम हम सभी को जोड़ने वाली शक्ति हैं। उनका आशीर्वाद हमेशा हम पर बना रहे।'
श्रीलंका से लौटने के बाद तमिलनाडु को PM का तोहफा
श्रीलंका की अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी आज तमिलनाडु के रामेश्वरम पहुंचे। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने कोलंबो हवाई अड्डे पर उन्हें विदा किया। रामेश्वरम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट सी ब्रिज, न्यू पंबन ब्रिज का उद्घाटन किया। रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि तमिलनाडु में पाक जलडमरूमध्य पर बना 2.07 किलोमीटर लंबा नया पंबन ब्रिज भारत की इंजीनियरिंग क्षमता और दूरदर्शी बुनियादी ढांचे के विकास का प्रमाण है।
अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक हुआ
इस बीच, राम जन्मभूमि अयोध्या में राम नवमी के अवसर पर मंदिर में राम लला के माथे पर 'सूर्य तिलक' लगाया गया। सूर्य तिलक ठीक दोपहर के समय हुआ जब सूर्य की किरण राम लला की माथे की मूर्ति पर पड़ी और एक दिव्य तिलक बना। दृश्यों में पुजारी सूर्य तिलक के दौरान राम लला की पूजा करते हुए दिखाई दिए। राम सेतु चूना-पत्थर से बना 48 किलोमीटर लंबा पुल है, जो भारत के रामेश्वरम द्वीप को श्रीलंका के मन्नार द्वीप से जोड़ता है।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 6 April 2025 at 15:50 IST