PM मोदी का आज से गुजरात दौरा, 14 हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात; पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी करेंगे जारी
PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी 30-31 अक्टूबर को दो दिन तक गुजरात में रहेंगे। इस दो दिवसीय दौरे पर वे कई प्रोजेक्ट और कार्यक्रमों का उद्घाटन करेंगे।
- भारत
- 3 min read
PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे करीब 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।
इसके अलावा पीएम मोदी देशभर के किसानों को एक बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। वे पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त के तहत 19 हजार करोड़ रुपये जारी करेंगे, जिससे देश के 9 करोड़ से ज़्यादा किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। वे दो ट्रेन सेवाओं को हरी झड़ी दिखाएंगे। साथ ही, पीएम मोदी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य 'राष्ट्रीय एकता दिवस' समारोह का नेतृत्व भी करेंगे।
बनासकांठा से होगी PM के दौरे की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की शुरुआत शुक्रवार की सुबह लगभग 9:00 बजे से होगी। वे बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर कैटल फार्म का निरीक्षण करने जाएंगे।
विभिन्न विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
सुबह लगभग 10:00 बजे बनासकांठा के भिलड़ी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पीएम मोदी 14,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
एकता दिवस समारोह में लेंगे भाग
इसके बाद कल यानी 31 अक्टूबर को वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। एकता नगर में 400 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। फिर वे एकता नगर में वन वर्षा और वामन वृक्ष वाटिका का दौरा करेंगे। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। वे नर्मदा आरती में भी शामिल होंगे।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी का शिलान्यास करेंगे। इस विस्तार योजना के तहत मेट्रो नेटवर्क में कुल 8 नए स्टेशन जुड़ेंगे। इसमें 6 किलोमीटर से अधिक लंबा फेज-2ए (कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट, 5 स्टेशन) और 3.3 किलोमीटर से अधिक लंबा फेज-2बी (गिफ्ट सिटी से शाहपुर, 3 स्टेशन) शामिल है।
पीएम मोदी अहमदाबाद-मेहसाणा रोड (स्टेट हाईवे-41) को चार लेन से आठ लेन में बदलने की महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखेंगे। करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत वाली इस चौड़ीकरण और मजबूतीकरण परियोजना से अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच का सफर बेहद तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। यह बुनियादी ढांचा विकास न केवल क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा।
इसी कड़ी में प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को बनासकांठा जिले के भीलड़ी से बनास डेयरी की 407 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए वे थराद और राधनपुर में बनने वाले दो नए बायो-CNG (बायो-सीएनजी) प्लांट की आधारशिला भी ऑनलाइन रखेंगे।
आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन
इतना ही नहीं, गुजरात प्रवास के दौरान 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला और गुजरात में 361 पूर्ण बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी किया जाएगा।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 30 October 2026 at 07:32 IST