अपडेटेड 13 February 2026 at 14:56 IST
अब 'सेवा तीर्थ' से चलेगी देश की सरकार, नए ऑफिस में शिफ्ट होंगे PM मोदी, नाम का किया अनावरण; आज शाम करेंगे उद्घाटन
Seva Teerth: जिस 'सेवा तीर्थ' का पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे, उसमें प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय सब एक साथ हैं। अब नॉर्थ-साउथ ब्लॉक से सभी मंत्रालय भी हटेंगे।
Seva Teerth: पीएम कार्यालय का नाम-पता अब सबकुछ बदल चुका है। पीएम मोदी नए प्रधानमंत्री ऑफिस ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट होने जा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार (13 फरवरी) को ‘सेवा तीर्थ’ बिल्डिंग कॉम्पलेक्स के नाम का अनावरण किया। वह शाम करीब 6 बजे सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 और 2 का उद्घाटन करेंगे।
सेवा तीर्थ में पीएम ऑफिस होगा, जबकि कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 में कई प्रमुख मंत्रालय होंगे। प्रधानमंत्री शाम 6 बजे 'सेवा तीर्थ' में एक जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं। उद्घाटन से पहले शाम 4 बजे साउथ ब्लॉक में आखिरी कैबिनेट बैठक होगी।
एक छत के नीचे होगी पूरी सरकार
सेवा तीर्थ का मतलब ‘सेवा का स्थान’ है। इसका नाम पहले ‘एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव’ रखा गया था, लेकिन 2 दिसंबर 2025 को इसे बदला गया। 'सेवा तीर्थ' परिसर दारा शिकोह रोड पर स्थित है, जो लगभग 2.26 लाख वर्ग फुट के क्षेत्र में फैला है। यह करीब 1,189 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसमें प्रधानमंत्री ऑफिस, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय बने हुए हैं, जो पहले अलग-अलग जगहों पर थे।
'सेवा तीर्थ' परिसर को आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 में देश के कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों को जगह दी गई है, जिनमें वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और विधि एवं न्याय मंत्रालय जैसे कई प्रमुख विभाग शामिल हैं।
नॉर्थ-साउथ ब्लॉक से सभी मंत्रालय हटेंगे
अब तक PMO और मंत्रालयों के ऑफिस नई दिल्ली स्थित सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में है। दोनों इमारतें करीब 78 सालों से देश की सत्ता का केंद्र रही हैं।
कई जगहों के बदले जा चुके हैं नाम
साल 2014 के बाद से मोदी सरकार ने भारत के औपनिवेशिक प्रतीकों से दूर जाने और सोच में बदलाव लाने की सोच के साथ कई बदलाव किए हैं। इसके तहत कई महत्वपूर्ण स्थलों और संस्थानों के नाम बदले गए हैं।
- साउथ ब्लॉक - सेवा तीर्थ
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट- कर्तव्य भवन
- राजपथ - कर्तव्य पथ
- रेस कोर्स रोड - लोक कल्याण मार्ग
- राज भवन / राज निवास - लोक भवन / लोक निवास
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 13 February 2026 at 14:56 IST