'ये कैसा प्रधानमंत्री है, संसद में लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया...', PM मोदी ने IIT खड़गपुर में क्यों कहा ऐसा?

पीएम मोदी ने IIT खड़गपुर के छात्रों को नेशन फर्स्ट का मंत्र याद दिलाते हुए आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही एक पुराना किस्सा साझा कर बताया कि एक समय में शौचालय बनवाने की बात को लेकर उनका मजाक उड़ाया गया था।

 
Follow :
PM Modi | Image: X/BJP

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल हुए। भारतीय प्रौद्योगिक संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पीएम मोदी ने छात्रों और प्रोफेसरों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों समेत देश की बदलती तस्वीर का जिक्र कर कहा कि यहां भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य एक साथ जुड़ा हुआ है।

पीएम मोदी ने शनिवार को समारोह की शुरुआत करते हुए सबसे पहले देरी से पहुंचने के लिए माफी मांगी। उन्होंने बताया कि वह खराब मौसम के कारण तय समय पर नहीं पहुंच पाए। इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग के जरिये कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का प्रयास किया, जिसमें भी देरी हो गई।

पीएम मोदी ने शेयर किया पुराना किस्सा

इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार मौजूद रहे। इस मौके पर पीएम मोदी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब हम पहली बार सत्ता में आए, तो मैंने लाल किले से घोषणा की कि मैं गरीबों के लिए शौचालय बनवाऊंगा। संसद में लोगों ने इसका मजाक उड़ाया और पूछा कि यह कैसा प्रधानमंत्री है, जो शौचालय बनवाने की बात कर रहा है? ऐसे लोग यह समझ ही नहीं पाए कि शौचालय कितना जरूरी है, गरीबों के लिए, और खासकर गरीब महिलाओं और माताओं के लिए यह कितना अहम है।

November 21, 2026

भारत ने बदलते दौर को देखा है- PM

पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि IIT खड़गपुर के इस प्लैटिनम जुबली समारोह में आज मेरे सामने एक बहुत ही  प्रतिभाशाली और महत्वाकांक्षी पीढ़ी मौजूद है। आज हम सब इस संस्थान के 75 सालों की यात्रा को मनाने के लिए इनकी परंपरा का सम्मान करने के लिए यहां पर सब एकत्रित हुए हैं। अपनी स्थापना के 75 सालों में IIT खड़गपुर ने बहुत सारे मील के पत्थर बनाए हैं। इन 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक, डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। इस बदलाव के हर दौर में देश के पहले IIT के तौर पर IIT खड़गपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने आगे कहा कि आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है।  जब IIT खड़गपुर ने अपनी यात्रा शुरू की तब भारत की आजादी नई-नई थी। देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस समय देश को अपनी उद्योगऔर आधारभूत संरचना के लिए इंजीनियर्स की जरूरत थी। जैसे-जैसे देश की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ी, यहां के स्नातकों ने हमारे अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।

पीएम मोदी ने जताई उम्मीद 

पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो IIT खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास में, देश के नवाचार प्रोफाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है। मुझे विश्वास है कि आप आज के आकांक्षी भारत के सपनों को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे।

'Break the Limits. Unlock the Possibilities'

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने डंके की चोट पर कहा 'Break the Limits. Unlock the Possibilities.' 20 साल पहले तक हमारे देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या माना जाता था। पांच दशक पहले लाल किले से गरीबी मिटाने के नारे लगाए जाते थे। लेकिन जब भी नीतिगत स्तर पर कदम उठाने की बात आती, तो पूरा सिस्टम उस मामले को फाइलों में ही दबा देता था। ऐसा इसलिए था क्योंकि उस समय यह सोच बनी हुई थी कि गरीबी को कभी खत्म नहीं किया जा सकता, खासकर हमारी इतनी बड़ी आबादी को देखते हुए। किसी ने भी गरीबी को वास्तव में खत्म करने के लिए सही नीतियां लागू करने की हिम्मत नहीं की।

पीएम मोदी ने छात्रों को नेशन फर्स्ट के साथ आगे बढ़ने का मंत्र देते हुए अपने संबोधन का अंत स्वामी विवेकानंद के शब्दों से किया। उन्होंने कहा कि उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के 'कम्प्रोमाइज्ड PM' वाले तंज पर किरेन रिजिजू का करारा पलटवार, इतिहास याद दिला पूछे 4 गंभीर सवाल

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 21 November 2026 at 11:57 IST