अपडेटेड 22 February 2026 at 12:11 IST
Mann Ki Baat:'...तब दिल के कोने में हल्की सी खुशी होती है', T-20 वर्ल्ड कप का जिक्र कर ऐसा क्यों बोले PM मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' की बात में कहा कि आजकल टी20 वर्ल्ड कप मैच चल रहा है। मैच देखते हुए आंखें किसी खास खिलाड़ी पर टिक जाती होंगी। खिलाड़ी की जर्सी किसी और देश की होती है, लेकिन नाम सुनकर लगता है कि अपने ही देश का है। तब दिल के किसी कोने में एक हल्की सी खुशी आती है।
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'मन की बात' की बात की 131वीं कड़ी को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप का जिक्र किया। साथ ही उन भारतीय मूल के खिलाड़ियों की सराहना की जो दूसरे देश का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ भारत का भी गौरव बढ़ा रहे हैं।
पीएम मोदी ने मन की बात में कहा कि ‘मैं अक्सर कहता हूं जो खेले वो खिले। खेल हमें जोड़ता भी है। आजकल टी-20 वर्ल्ड कप मैच चल रहा है। मुझे पक्का यकीन है कि मैच देखते हुए आंखें किसी खास खिलाड़ी पर टिक जाती होंगी। जर्सी भले ही किसी और देश की होती है, लेकिन नाम सुनकर लगता है कि खिलाड़ी अपने ही देश का है। तब दिल के किसी कोने में एक हल्की सी खुशी आती है। ऐसा इसलिए क्योंकि वो खिलाड़ी भारतीय मूल का होता है, लेकिन खेल वो उस देश के लिए रहा होता है जहां उसका परिवार बस गया है। वह अपने-अपने देशों की जर्सी पहनकर मैदान में उतरते हैं और पूरे मन से उस देश का प्रतिनिधित्व करते हैं।’
टी-20 वर्ल्ड कप में छाए भारतीय मूल के खिलाड़ी- PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'भारतीय मूल के कई खिलाड़ी अपने-अपने देशों का नाम रोशन कर रहे हैं और यह बात टी-20 विश्व कप में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। कनाडा की टीम में सबसे ज्यादा भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं। टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा का जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था। जबकि नवनीत धालीवाल चंडीगढ़ के हैं। इस लिस्ट में हर्ष ठाकर, श्रेयस मोवा जैसे कई नाम शामिल हैं, जो कनाडा के साथ-साथ भारत का भी गौरव बढ़ा रहे हैं।
'भारतीय मूल के खिलाड़ियों पर गर्व'
उन्होंने आगे कहा, 'अमेरिका की टीम में कई चेहरे भारत के घरेलू क्रिकेट से निकले हुए हैं। अमेरिकी टीम के कप्तान मोनांक पटेल गुजरात की Under-16 और Under-18 टीम के लिए भी खेल चुके हैं। मुंबई के सौरभ, हरमीत सिंह और दिल्ली के मिलिंद कुमार, ये सभी अमेरिकी टीम की शान हैं।'
ओमान के प्लेयर्स का किया जिक्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, 'ओमान की टीम में आज कई चेहरे हैं जो पहले भारत के अलग-अलग राज्यों में खेल चुके हैं। जतिंदर सिंह, विनायक शुक्ला, करण, जय, आशीष जैसे खिलाड़ी ओमान क्रिकेट की मजबूत कड़ी हैं।'
'युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे…'
इसी क्रम में उन्होंने अन्य देशों के खिलाड़ियों का भी जिक्र कर कहा, 'न्यूजीलैंड, UAE और इटली की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ी अपनी जगह बना रहे हैं। ऐसे कितने ही भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं जो अपने देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। वहां के युवाओं के लिये प्रेरणा बन रहे हैं।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 February 2026 at 11:48 IST