अपडेटेड 5 July 2025 at 08:03 IST

'डेडलाइन नहीं, राष्ट्रहित पहले', भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीयूष गोयल का बड़ा बयान; कहा- अपनी शर्तों पर समझौता करते हैं हम

Piyush Goyal: भारत और यूएस के बीच होने वाली ट्रेड डील से पहले पीयूष गोयल का बड़ा बयान आया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी शर्तों पर बातचीत करता है। हमारे लिए डेडलाइन से ऊपर राष्ट्रहित है।

Follow :  
×

Share


Union Minister Piyush Goyal | Image: ANI

India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के जल्द ट्रे़ड डील की संभावनाएं हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से टैरिफ में छूट की डेडलाइन 9 जुलाई को खत्म हो रही है। इससे पहले दोनों देशों के बीच डील हो सकती है। हालांकि इसमें कुछ चीजों को लेकर पेंच अटक रहा है। इस बीच भारत-यूएस के बीच होने वाली ट्रेड डील पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का बड़ा बयान आया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत राष्ट्रहित में व्यापार करता है, डेडलाइन से नहीं।

अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए एक भारतीय दल अमेरिका गया था, जो वापस लौट आया है। एक अधिकारी ने बताया कि डील को 9 जुलाई से पहले अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि कृषि और वाहन सेक्टर में कुछ ऐसे मुद्दों हैं, जिन्हें अभी सुलझाए जाने की जरूरत है, इसलिए चर्चा जारी रहेगी।

राष्ट्रहित हमेशा सबसे ऊपर रहेगा- पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिल्ली में 16वें टॉय बिज इंटरनेशनल B2B एक्सपो 2025 में ट्रेड डील पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "यह दोनों पक्षों के लिए जीत वाला समझौता होना चाहिए। केवल तभी जब भारत के हितों की रक्षा की जाए... राष्ट्रीय हित हमेशा सर्वोच्च रहेगा। इसे ध्यान में रखते हुए अगर कोई अच्छा समझौता होता है, तो भारत हमेशा विकसित देशों के साथ जुड़ने के लिए तैयार है।"

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत अपनी शर्तों पर बातचीत करता है। गोयल ने कहा कि भारत वर्तमान में कई देशों के साथ व्यापार वार्ता में लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि कई देशों के साथ बातचीत चल रही है, चाहे वह यूरोपीय संघ हो, न्यूजीलैंड, ओमान, अमेरिका, चिली या पेरू हो। केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि भारत सौदे करने की जल्दी में नहीं है। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट तभी संभव है जब इसमें पारस्परिक लाभ हो।"

उन्होंने कहा कि भारत कभी भी डेडलाइन या समय के दबाव में व्यापार सौदे नहीं करता है। कोई सौदा तभी स्वीकार किया जाता है जब वो अच्छी तरह से बातचीत के बाद हो और राष्ट्रीय हित में हो।"

जल्द हो सकती है मिनी ट्रेड डील

दरअसल, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भारत-अमेरिका एक जल्द मिनी ट्रेड डील कर सकते हैं। रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि भारत ने संकेत दिए कि अगर ट्रंप ऑटो पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाते हैं तो वह भी अमेरिकी कार आयात पर जवाबी टैरिफ लगाएगा।

ट्रंप का बड़ा बयान

इससे पहले हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि उन्होंने 10 से 12 देशों को पत्र भेजे हैं। आने वाले दिनों में और भी ऐसे लेटर भेजे जाएंगे। 9 जुलाई तक सभी कवर हो जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि टैरिफ दरें 10-20 प्रतिशत के बीच शुरू हो सकती हैं और 70 प्रतिशत तक जा सकती हैं। वहीं टैरिफ छूट की डेडलाइन खत्म होने से पहले अमेरिका कई देशों संग ट्रेड डील पर साइन कर चुका है। इसमें चीन, वियतनाम और यूके शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: कंगाल इकोनॉमी, सियासी अस्थिरता और ऊपर से भारत से पंगा... 25 साल बाद Microsoft ने पाकिस्तान से समेट लिया बोरिया-बिस्तर


 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 5 July 2025 at 08:03 IST