अपडेटेड 2 February 2026 at 14:09 IST
T20 World Cup: 'आंख दिखाने की औकात नहीं, अब क्रिकेट के...',भारत से मैच नहीं खेलने के फैसले पर भड़के पप्पू यादव, याद दिलाई पाकिस्तान की हैसियत
पाकिस्तान 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप मैच में नहीं खेलेगा। इस पर अब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान को उसकी औकात याद दिलाई है।
ICC T20 World Cup 2026: ICC टी20 वर्ल्ड कप को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। बांग्लादेश के बाद अब पाकिस्तान ने उसका साथ देते हुए भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला लिया है। पाकिस्तानी सरकार के इस फैसले पर अब पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत को आंख दिखाने की पाकिस्तान की हैसियत नहीं है।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, 'पाकिस्तान की औकात और हैसियत क्या है कि भारत को आंख दिखाए। भारत क्रिकेट विजेता है। अगर भारत के क्रिकेट को निकाल दें तो दिलचस्पी ही खत्म हो जाएगी। खेल में हिंदुस्तान पाकिस्तान की राजनीति नहीं आनी चाहिए।'
'पाकिस्तान को पता है वह जीत नहीं पाएगा'
इससे पहले भी तमाम नेताओं ने अपनी पाकिस्तान के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। TMC सांसद कीर्ति आजाद का कहना है कि पाकिस्तान भली-भांती जानता है कि वह जीत नहीं पाएगा। ऐसे में उनसे अपनी इज्जत बचाने का फैसला लिया।
कीर्ति आजाद ने कहा, ‘पाकिस्तान जानता है कि वह जीत नहीं सकता। इसलिए उसने अपनी इज्जत बचाने की सोची। जब बैसरन (पहलगाम की घाटी) में 26 लोग मारे गए थे, तब भारत के पास एक बड़ा मौका था। तब भारत को वर्ल्ड कप में नहीं खेलना चाहिए था। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह संदेश जाता कि हम आतंकवादियों के खिलाफ हैं और पाकिस्तान सबसे बड़ा आतंकवादी देश है।’
भाड़ में जाए पाकिस्तान- इमरान मसूद भड़के
वहीं सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आगबबूला होते हुए कहा कि पाकिस्तान ने जिस तरीके से मना किया उसका जवाब हमें पहले ही देना चाहिए था। हमें उनके साथ कोई रिश्ते नहीं रखने चाहिए। पाकिस्तान भाड़ में जाए, उस पर बात करने का समय नहीं है। इसके अलावा उन्होंने बीसीसीआई बोर्ड को देश के सम्मान के साथ समझौता नहीं करने की भी नसीहत दी।
पाकिस्तान-भारत का मैच क्यों नहीं होगा?
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का ड्रामा जारी है। पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप खेलने को तो राजी हो गया, लेकिन भारत के साथ होने वाले मुकाबलों का बहिष्कार करने का फैसला लिया है।
पाकिस्तान ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाला मैच नहीं खेलेगी।'
बता दें कि भारत और पाकिस्तान की टीमें ग्रुप स्टेज में कोलंबो में एक दूसरे से भिड़ने वाली थीं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 2 February 2026 at 14:07 IST