SIR पर विपक्ष का 'हल्ला बोल' प्लान... CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी, कांग्रेस ने विपक्षी पार्टियों से किया संपर्क
SIR को लेकर एक बार फिर देश में बवाल शुरू हो गया है। विपक्षी पार्टियां संसद के दोनों सदनों में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस लाएंगी। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विपक्षी पार्टियों से संपर्क किया है।
- भारत
- 3 min read
देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) को लेकर एक बार फिर विवाद छिड़ गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज पर एक मीडिया रिपोर्ट में उठाए गए सवालों के बाद विपक्षी दलों ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हमलावर हो गया है और उन्हें पद से हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है।
समाचार एजेंसी ANI के हवाले से कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दल संसद के दोनों सदनों में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस पेश करेंगे। विपक्ष ने अब मीडिया रिपोर्ट का हवाला देकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाना शुरू कर दिया है। बंगाल के पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने जोर देकर कहा है कि CEC को खुद इस्तीफा दे देना चाहिए।
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी
विपक्षी पार्टियां संसद के दोनों सदनों में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस लाएंगी। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विपक्षी पार्टियों से संपर्क किया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक,इसे अगले दो हफ्तों के भीतर पेश किए जाने की योजना है।
इंडिया ब्लॉक के दलों ने जताई सहमति
विपक्ष ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहा है। कांग्रेस की पहल पर इंडिया ब्लॉक के दलों में इस पर सहमति बन गई है और नोटिस तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अगले हफ्ते महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस दिया जा सकता है। नए नोटिस में हाल के घटनाक्रम और नए खुलासों को भी शामिल किया जाएगा।
पहले ही विपक्ष ने दिया था नोटिस
गौरतलब है कि विपक्ष ने 24 अप्रैल को राज्यसभा में इसी तरह का एक नोटिस दिया था, जो अभी लंबित है। उस नोटिस पर 73 सांसदों के हस्ताक्षर थे। हालांकि बाद में हस्ताक्षर करने वाले सात सांसद पाला बदल चुके हैं। ऐसे में विपक्ष अब नए सिरे से समर्थन जुटाकर संशोधित नोटिस लाने की तैयारी में है। नोटिस देने के लिए सदन का सत्र चलना जरूरी नहीं है। नोटिस पर कम से कम 50 सांसदों के हस्ताक्षर चाहिए होते हैं।
25 सितंबर को चुनाव आयोग कार्यालय के घेराव की तैयारी
इसके अलावा, कांग्रेस ने अपनी राज्य इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे 25 सितंबर को अपने-अपने राज्य के चुनाव आयोग कार्यालयों तक विरोध मार्च निकालें और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी तथा उन्हें पद से हटाने की मांग करें। विपक्ष का कहना है कि SIR विवाद और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर उठे सवालों के मद्देनजर महाभियोग प्रस्ताव जरूरी है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 24 September 2026 at 17:44 IST