अपडेटेड 28 July 2025 at 21:08 IST
Operation Sindoor: पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा के पोस्टर बॉय बन गए हैं राहुल गांधी- लोकसभा में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
लोकसभा में पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हो रही है। इसी क्रम में अनुराग ठाकुर ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि हमारे पास नरेंद्र मोदी के रूप में दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है।
Anurag Thakur in Lok Sabha: लोकसभा में पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हो रही है। इसी क्रम में अनुराग ठाकुर ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि हमारे पास नरेंद्र मोदी के रूप में दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है। भारत ढाई मोर्चे पर लड़ाई लड़ रहा था। आधा वाला फ्रंट राहुल ऑक्यूपाइड कांग्रेस है। सेना के प्रमुख को सड़क का गुंडा कहते हो। राहुल गांधी को इस सदन में शर्म से सिर झुकाकर माफी मांगनी चाहिए। देश की जनता ने लीडर ऑफ अपोजिशन बना दिया, अब वो लीडर अपोजिंग भारत बन गए हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा, पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा के पोस्टर बॉय राहुल गांधी बन गए हैं। आज सदन में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करनी थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं में होड़ लगी थी कि कौन पाकिस्तान का सबसे प्रिय बनकर उभरे। पाकिस्तान सेना और पाकिस्तान सरकार लश्कर-ए-राहुल के बयानों को अपने पक्ष में इस्तेमाल कर रही है। पाकिस्तानी सेना के वीडियो में कांग्रेस अध्यक्ष के वीडियो को पूरी दुनिया में दिखाया जा रहा है।
इनको दिक्कत मोदी जी से ही नहीं, मातृभूमि से भी है। आईएनसी अब इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस बन गई है। कांग्रेस का आइडिया ऑफ डिप्लोमेसी क्या था, डोजियर का था, कार्रवाई करने का नहीं था। 26-11 के बाद इन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। राहुल गांधी की रुचि यह जानने में थी कि भारत के कितने विमान पाकिस्तान ने मार गिराये। आखिर ये जानकारी वो किससे साझा करना चाहते थे। जिनके हाथ रक्षा दलाली में रंगे रहे हों, अब किसके लिए दलाली करेंगे। मुझे पता नहीं।
हमारी सेना ने जो किया वो पूरी दुनिया ने देखा
ऑपरेशन सिंदूर पर हमारी सेना ने जो किया, वो दुनिया ने देखा। ठीक बाद मोदी जी आदमपुर एयरबेस पर गए और सेना का मनोबल बढ़ाने का काम किया। न्यूक्लियर ब्लैकमेल की जब बात चलती है, वाजपेयी जी ने भी कहा था और मोदी जी ने भी स्पष्ट कह दिया है कि हमने ऐसा जवाब दिया है। सिंधु जल समझौते को लेकर विपक्ष के कुछ नेताओं ने कहा कि उनका पानी दे देना चाहिए पाकिस्तान को। पीएम मोदी ने साफ कहा कि पानी और खून साथ नहीं बह सकते। सिंधू डैम के गेट नहीं खुलेंगे। ये जो सात डेलिगेशन थे, वह देश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। हमारे मत अलग हो सकते हैं, लेकिन जब राष्ट्र का प्रश्न हो तब हम एक हैं।
सातों के सातों प्रतिनिधिमंडल में किसी भी दल का सांसद होगा, उसने देश की बात की। सबका धन्यवाद किया। इतना कहूंगा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर हम किसी का साथ लेने नहीं गए थे। हम यह बताने गए थे कि भारत अपने दम पर आतंक के आकाओं को मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं और दिया है। मुस्लिम देशों में भी पाकिस्तान को अलग-थलग किया। कांग्रेस का रवैया सबसे अपमानजनक और आपत्तिजनक था। सेना का मनोबल गिराने में कांग्रेस पीछे नहीं रही। कांग्रेस के नेता एक फेक नैरेटिव चला रहे हैं सरेंडर, सरेंडर। कांग्रेस ने कितने ब्लंडर और सरेंडर किए हैं। कश्मीर मुद्दे को यूएन में ले जाने कर सरेंडर किसने किया, अक्साई चिन को बंजर जमीन बता चीन को सौंप सरेंडर किसने किया, कच्चा तिबू द्वीप श्रीलंका को सौंप सरेंडर किसने किया। कांग्रेस ने बहुत सरेंडर किए हैं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 28 July 2025 at 21:08 IST