अपडेटेड 12 July 2025 at 20:56 IST

Odisha में शर्मसार हुआ गुरु-शिष्या का रिश्ता, टीचर पर यौन शोषण का आरोप लगाकर पीड़ित छात्रा ने किया आत्मदाह, हालात नाजुक

ओडिशा के एक कॉलेज में छात्रा ने खुद को आग लगा कर खुदकुशी करने की कोशिश की, पीड़िता ने टीचर पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं।

Follow :  
×

Share


कॉलेज में छात्रा ने खुद को लगाई आग | Image: Freepik/ Representative Image

Odisha student harassment: ओडिशा में एक छात्रा ने कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा ली। छात्रा ने शिक्षक पर शारीरिक और मानसिक शोषण के गंभीर आरोप लगाया है। जिसके बाद आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया गया है। बालेश्वर के फकीर मोहन कॉलेज का ये मामला है। छात्रा ने कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा ली। छात्रा ने बताया कि कॉलेज के इंटीग्रेटेड बीएड विभाग के HOD समीर कुमार साहू ने उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया था।

घटना के बाद कॉलेज में तनाव का माहौल बन गया। छात्र संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता कॉलेज प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। उन्होंने आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी और कॉलेज प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, छात्र संगठनों का कहना है कि यदि समय रहते छात्रा की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया होता, तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसी घटनाएं लगातार क्यों हो रही हैं और प्रशासन क्यों चुप बैठा है?

हिरासत में आरोपी टीचर

बालेश्वर टाउन थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक समीर कुमार साहू को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कॉलेज के अध्यक्ष दिलीप कुमार घोष ने बताया कि छात्रा ने पहले भी कई बार कॉलेज प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता का हालत नाजुक

ओडिशा के बालेश्वर जिले में हुई इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना शैक्षणिक संस्थानों में शोषण और उत्पीड़न की समस्या को उजागर करती है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। पीड़िता की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उसे एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी हुई है। पीड़िता के परिवार वाले और दोस्त उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : LinkedIn में 'Open to Work' डालने पर बॉस ने दिखाई नाराजगी

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 12 July 2025 at 20:56 IST