November 1 Rule Changes 2026: पेंशन, ITR और GST... 1 नवंबर से देश में बदल जाएंगे ये नियम, गैस सिलेंडर को लेकर भी बड़े बदलाव; यहां पढ़ें पूरी डिटेल
1 नवंबर 2026 से जीएसटी (GST) नियमों में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं, जिसका सीधा असर कारोबारियों पर पड़ेगा। इसके साथ ही, पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करने की प्रक्रिया भी इसी महीने शुरू होगी।
- भारत
- 3 min read
नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही हमारे दैनिक जीवन, कारोबार और वित्त से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहे हैं। हर महीने की तरह इस बार भी 1 नवंबर 2026 से कई नए नियम लागू हो रहे हैं, जिनका सीधा असर आम जनता, कारोबारियों और पेंशनभोगियों पर पड़ेगा। आइए जानते हैं कि इस महीने कौन-कौन से बड़े बदलाव होने जा रहे हैं और किन बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
1 नवंबर से लागू होंगे GST के नए नियम
सरकार द्वारा 1 नवंबर 2026 से GST के नियमों में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं। हाल ही में जारी सरकारी अधिसूचना के अनुसार, अब कंपनियों के लिए बिक्री के बाद ग्राहकों को दिए जाने वाले डिस्काउंट से जुड़े प्रावधानों को काफी आसान बना दिया गया है। इसके अलावा, जिन कारोबारियों को 'इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर' का सामना करना पड़ता है, उन्हें अब प्रोविजनल रिफंड मिलने में आसानी होगी और प्रक्रिया तेज हो जाएगी। इन बदलावों की घोषणा बजट 2026-27 में की गई थी। साथ ही, ट्रैक्टर के टायर और फर्टिलाइजर जैसी कुछ चुनिंदा चीजों पर GST की नई दरें, छूट और रिवर्स चार्ज से जुड़े नियम भी अब प्रभावी हो गए हैं।
LPG सिलेंडर की कीमतों पर रहेगी खास नजर
हर महीने की पहली तारीख को देश की सरकारी तेल कंपनियां एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 नवंबर को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फेरबदल देखने को मिल सकता है। कीमतों में होने वाले इस उतार-चढ़ाव का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों पर पड़ता है। हालांकि, नई कीमतों के संबंध में तेल कंपनियों के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा, क्योंकि कीमतों में बदलाव बाजार की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों पर निर्भर करता है।
पेंशनर्स के लिए शुरू हुआ लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने का अभियान
पेंशनभोगियों के लिए नवंबर का महीना बेहद खास होता है। निर्बाध रूप से पेंशन मिलती रहे, इसके लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र यानी लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य होता है।
80 वर्ष से कम उम्र के पेंशनर्स को 1 नवंबर से अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं।
80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स अति-वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सुविधा 1 अक्टूबर से ही शुरू हो चुकी है।
सभी पेंशनर्स के पास अपना प्रमाण पत्र जमा करने के लिए आमतौर पर 30 नवंबर तक का समय होता है। यदि समय रहते यह प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है, तो पेंशन का भुगतान अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।
ITR फाइल करने की बढ़ाई गई है डेडलाइन
जिन टैक्सपेयर्स के खातों का ऑडिट होना अनिवार्य है, उनके लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए इन करदाताओं की आईटीआर फाइल करने की डेडलाइन 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दी गई है। हालांकि, यह राहत सभी करदाताओं के लिए नहीं है, बल्कि केवल तय कैटेगरी और योग्य टैक्सपेयर्स को ही इसका लाभ मिलेगा।
दिव्यांग पेंशन के नए नियमों को लेकर स्थिति स्पष्ट
केंद्र सरकार ने दिव्यांग पेंशन से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव को मंजूरी दी है, जिसमें पेंशन के लिए न्यूनतम दिव्यांगता की सीमा को 80% से घटाकर 40% करने और उम्र की न्यूनतम सीमा हटाने का प्रस्ताव शामिल है। इसके तहत पात्र लोगों को केंद्रीय सहायता देने का भी प्रावधान है। हालांकि, इन बदलावों को जमीन पर उतारने के लिए अभी विस्तृत गाइडलाइंस जारी नहीं की गई हैं, इसलिए फिलहाल इनके तुरंत लागू होने की उम्मीद नहीं है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 31 October 2026 at 17:05 IST