Weather: कश्मीर में बर्फबारी, दिल्ली में बौछारें, मुंबई में पसीने छुड़ाने वाली उमस; तो केरल में प्री-मानसून की दस्तक, जानें पूरे देश में कैसा है मौसम का हाल

उत्तर-पश्चिम भारत में 30 मार्च को बारिश का दौर चरम पर पहुंचेगा, जिससे कश्मीर में बर्फबारी की संभव है। वहीं दिल्ली-NCR में गर्मी बढ़ेगी। जानें राजस्थान, मुंबई और केरल समेत पूरे देश में कैसा चल रहा है मौसम? कहीं प्री मानसून तो कहीं चढ़ रहा पारा। पढ़ें ताजा अपडेट।

Follow :  
×

Share


आज का मौसम 29 मार्च 2026: दिल्ली-NCR में बारिश के आसार, राजस्थान, मुंबई, गुजरात में चढ़ेगा पारा, पढ़िए पूरे देश का वेदर अपडेट | Image: IMD Website

India Weather: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत में इस हफ्ते बारिश और पहाड़ी राज्यों के लिए बर्फबारी का सक्रिय दौर जारी रहने की चेतावनी जारी की है। यह दौर 30 मार्च को अपने चरम पर पहुंचेगा। खासतौर पर कश्मीर घाटी में 30 मार्च को कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी होगी।

IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दिल्ली-NCR में बारिश के आसार

दिल्ली और पूरे NCR की बात करें तो आज (29 मार्च) हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है। लेकिन दोपहर में गर्म हवाएं और धूप परेशानी बढ़ा सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर भारत में धूल भरी आंधी के साथ बढ़ेगी गर्मी

उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 33-36 डिग्री तक पहुंच रहा है। धूल भरी तेज हवाएं चलने से गर्मी का असर बढ़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में दिन में धूप तेज होने से तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

राजस्थान में चढ़ेगा पारा

राजस्थान में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच है। पश्चिमी इलाकों जैसे जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में लू जैसे हालात बन रहे हैं। मौसम विभाग ने दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है।

मुख्य शहरों का तापमान भी जानें

दिल्ली: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 22°C  
मुंबई: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 26°C  
चेन्नई: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 26°C  
कोलकाता: अधिकतम 35°C, न्यूनतम 26°C  
जयपुर: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 23°C  
लखनऊ: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 23°C

मुंबई-गुजरात में उमस भरी गर्मी शुरू

मुंबई में समुद्री प्रभाव से उमस वाली गर्मी बननी शुरू हो गई है। इन दिनों तापमान 30-33 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं, गुजरात में स्थिति और भी गर्म है, जहां कई जगहों पर तापमान 35-39 डिग्री तक पहुंच चुका है।

दक्षिण भारत में चल रहा प्री-मानसून  

तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बादल छाने के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अप्रैल की शुरुआत में कई राज्यों में लू का असर बढ़ सकता है। इसलिए लोगों को पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की धूप से बचने और यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है। IMD ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का यह दौर फसल और जल संग्रह के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी है।  

यह भी पढ़ें: समय पर निपटा लें जरूरी काम, अप्रैल में 14 दिन बंद रहेंगे बैंक

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 29 March 2026 at 07:58 IST