नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन के खिलाफ खोला मोर्चा, 5 साल के लिए टाटा संस के फिर चेयरमैन चुने जाने को बताया अवैध
गुरुवार, 17 सितंबर को एन चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए एक बार फिर से टाटा संस के चेयरमैन पद के लिए चुना गया है, लेकिन इस बीच नोएल टाटा ने इस नियुक्ति को 'अवैध' बताया है।
- भारत
- 2 min read
टाटा संस के बोर्ड ने गुरुवार, 17 सितंबर को एन चंद्रशेखरन को अगले पांच वर्षों के लिए अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दे दी, जिससे उनका कार्यकाल फरवरी 2027 से आगे बढ़ गया है। हालांकि, टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के विरोध में मतदान करने के बावजूद प्रस्ताव पारित हो गया। सूत्रों के अनुसार, टाटा संस बोर्ड के अन्य सभी सदस्यों ने चंद्रशेखरन के पद पर बने रहने का समर्थन किया।
एन चंद्रशेखरन के विरोध में वोट करने के बाद नोएल टाटा ने एन चंद्रशेखरन के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल को और पांच साल के लिए बढ़ाने के फैसले को खारिज कर दिया है और इस प्रस्ताव को 'अवैध' और 'शून्य' बताया है।
यह कदम कंपनी के नियमों और शर्तों का उल्लंघन है-नोएल टाटा
एन चंद्रशेखरन के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप के रूप में नियुक्ति पर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल एन टाटा ने एकमात्र असहमति जताते हुए कहा कि यह कदम कंपनी के नियमों और शर्तों का उल्लंघन करता है। टाटा ट्रस्ट्स ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "टाटा ट्रस्ट्स का मानना है कि श्री एन. चंद्रशेखरन को टाटा संस के अध्यक्ष के रूप में पुनः नियुक्त करने का प्रस्ताव अवैध है।"
नोएल टाटा ने फैसले के खिलाफ वोट किया
ट्रस्ट के अनुसार, चार निदेशकों ने पुनर्नियुक्ति के पक्ष में मतदान किया जबकि नोएल टाटा ने इसके खिलाफ मतदान किया। बयान में कहा गया है, "आज बोर्ड की बैठक में श्री एन. चंद्रशेखरन को पुनः नियुक्त करने का प्रस्ताव, जिसके पक्ष में चार निदेशकों ने मतदान किया और श्री नोएल टाटा ने विरोध किया, टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के प्रावधानों के मद्देनजर कानूनी रूप से अमान्य था।"
अगले 5 साल तक कार्यकाल बढ़ा
टाटा संस के चेयरमैन पद के लिए एन. चंद्रशेखरन को फिर से पांच साल के लिए अपॉइंट किया गया है। बता दें कि इससे पहले एन. चंद्रशेखरन ने पिछले महीने ही चेयरमैन पद से इस्तीफे का ऐलान किया था। चंद्रशेखरन ने 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला था। इस ताज़ा फ़ैसले से वह अगले पांच साल तक टाटा ग्रुप की कमान संभाले रख सकेंगे।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 17 September 2026 at 18:44 IST