तरबूज में नहीं मिली मिलावट, तो कैसे हुई मुंबई में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत? शरीर के अंग पड़े हरे, जहर की आशंका

Mumbai Watermelon Death Case: मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत मामले में नया मोड़ आया है। FDA को जांच में तरबूज में कोई मिलावट नहीं मिली, जिसके बाद नए एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

Follow :  
×

Share


कैसे हुई पूरे परिवार की मौत? | Image: Republic

Mumbai News: मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने हर किसी को चौंका दिया था। कहा जा रहा था कि तरबूज खाने की वजह से इन लोगों की मौत हुई। हालांकि अब मामले में चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। FDA की जांच में तरबूज में कोई मिलावट नहीं मिली है। वहीं, शुरुआती फॉरेंसिक जांच से पता चला है कि मृतकों के शरीर के कई अंग हरे हो गए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तरबूज में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट हो सकती है। इसके बाद मामले ने बड़ा यू-टर्न ले लिया है।

FDA जांच में नहीं मिली मिलावट

दरअसल, FDA की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। जांच में पता चला है कि तरबूज में कोई मिलावट नहीं थी। FDA ने साफ किया है कि तरबूज का रंग, मिठास या साइज बढ़ाने के लिए उसमें कोई आर्टिफिशियल रंग या केमिकल इस्तेमाल नहीं किए गए थे। अब यह संभावना कम हो गई है कि मौतें तरबूज में मिलावट की वजह से हुई थीं।

इसके अलावा, FDA की रिपोर्ट में कहा गया है कि डोकाडिया परिवार के घर से जब्त किए गए दूसरे खाने के सैंपल में अब तक कोई मिलावट नहीं पाई गई है। ऐसे में अब सारा ध्यान फोरेंसिक रिपोर्ट और बैक्टीरियल टेस्ट के नतीजों पर है।

दिल-दिमाग और आंतें पड़ी हरी

शुरुआती फोरेंसिक जांच से पता चला है कि मृतकों के जरूरी अंग हरे रंग के हो गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों के दिमाग, दिल और आंतों का रंग हरा हो गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति आम फूड पॉइजनिंग से अलग है। जब एक ही समय पर कई अंगों में इस तरह के बदलाव देखे जाते हैं, तो डॉक्टरों का मानना है कि यह इस बात का संकेत है कि शरीर में कोई जहरीला पदार्थ फैल गया है। इन नए खुलासों ने चारों लोगों की मौत को लेकर शक को और गहरा कर दिया है। इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक अब्दुल्ला के शरीर में मॉर्फीन के अंश भी पाए गए हैं।

तरबूज खाने से मौत की जताई जा रही थी आशंका

मुंबई के इस्माइल कुर्ते रोड स्थित घारी मोहल्ला के रहने वाले दोकाडिया परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में अब्दुल्ला दोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35), और बेटियां आयशा (16) और जैनब (13) शामिल हैं। बताया जा रहा था कि उस रात उनके घर एक कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें कुछ रिश्तेदार जुटे। मेहमानों के जाने के बाद रात करीब 1 बजे उन सभी ने तरबूज खाया था। फिर अगली सुबह तड़के उन्हें अचानक उल्टी और दस्त की गंभीर समस्या हुई और फौरन अस्पताल ले जाया गया। चारों की इलाज के दौरान मौत हो गई। 

यह भी पढ़ें: क्रूज में भरा पानी, बचने के लिए पिता की छाती में चिपके बच्चे और मुझे दे दो की रट... डूबने से पहले ऐसा था खौफनाक मंजर

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 2 May 2026 at 10:20 IST