संजय झा को नीतीश कुमार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया JDU का कार्यकारी अध्यक्ष

नीतीश कुमार ने जदयू की बैठक में संजय झा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का ऐलान किया। बैठक के बाद नीतीश कुमार और संजय झा दोनों साथ में बाहर निकले।

 
Follow :
Sanjay Jha with Nitish Kumar | Image: PTI

Sanjay Jha: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बड़ा फैसला ले लिया है। नीतीश कुमार ने अपने बेहद करीबी और जदयू के नेता संजय झा एक अहम जिम्मेदारी सौंप दी है। दिल्ली में शनिवार को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में चुना गया है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद जदयू कार्यकारिणी की बैठक में राज्यसभा सांसद संजय झा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का ऐलान किया। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश ने संजय झा के नाम का प्रस्ताव लेकर आए थे, जिस पर जदयू के सभी नेताओं ने सहमति जताई। बैठक खत्म होने के बाद नीतीश कुमार और संजय झा दोनों साथ-साथ निकले। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने संजय झा और नीतीश कुमार पर फूल बारिश की।

यह भी पढे़ं: राजस्थान के मंत्री मदन दिलावर ने क्या कह दिया? आ गया सियासी भूचाल

केसी त्यागी ने दी फैसलों की जानकारी

जदयू के नेता केसी त्यागी ने बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सामने ऐलान किया है कि अब वो हमेशा एनडीए गठबंधन का हिस्सा रहेंगे। बिहार हाईकोर्ट की तरफ से रोके गए आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। केसी त्यागी ने कहा कि राज्यसभा सांसद संजय झा को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया गया है। जदयू नेता ने बताया कि बिहार के लिए हम विशेष दर्जे और आर्थिक पैकेज के लिए लड़ते रहेंगे।

संजय झा की नियुक्ति कितनी अहम?

संजय झा की कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति बीजेपी नेतृत्व के साथ उनके अच्छे संबंधों के कारण महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वो राज्यसभा में पार्टी के नेता भी हैं। सूत्र बताते हैं कि संजय झा बीजेपी से अनुकूल सौदे हासिल करने और दोनों दलों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए उपयुक्त हैं।

यह भी पढे़ं: बीजेपी बोली-'कहां हैं राहुल-ममता', बंगाल में महिला को नंगा घुमाने पर बवाल
 

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 29 June 2024 at 13:48 IST