दूसरी बेटी कंचन लौटेगी ससुराल, बच्चों के नाम होगी संपत्ति... निकिता भाटी के परिवार का ससुराल पक्ष से समझौता, जिंदा जलाने का लगाया था आरोप
Greater Noida Nikki Bhati Death: निक्की भाटी की 9 महीने पहले जिंदा जलने से मौत हो गई थी। अब मामले में बड़ा मोड़ आया है। निक्की के परिवार ने ससुराल पक्ष के खिलाफ केस वापस लेने की तैयारी कर ली है। उनका ससुरवालों से समझौता हो गया।
Nikki Bhati Death Case: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी मौत मामले में अब नया मोड़ आया है। 9 महीने बाद अब इस केस में दोनों पक्षों के बीच पंचायत की मध्यस्थता से समझौता हो गया है। समझौते के तहत निक्की भाटी की बहन कंचन अपने ससुराल वापस लौटेगी। वहीं, निक्की के बच्चों के नाम संपत्ति हस्तांतरित की जाएगी।
घटना 21 अगस्त 2025 की है। ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से निक्की भाटी की मौत हो गई थी। महिला के परिवारवालों ने उसके पति, सास, ससुर और जेठ पर ज्वलनशील पदार्थ (थिनर) डालकर निक्की को जिंदा जलाने के आरोप लगाए थे। तब इस मामले ने तूल पकड़ा था।
कई दौर की वार्ता के बाद हुआ समझौता
निक्की भाटी के परिवार और ससुरालवालों के बीच पंचायत के जरिए कई दौर की वार्ता हुई, जिसके बाद समझौते के लिए सहमति बनी। दोनों परिवारों ने बच्चों के भविष्य और पारिवारिक हितों को ध्यान में रखकर समझौते के लिए तैयार हुए। दोनों परिवारों ने तय किया कि निक्की की बहन कंचन भाटी अपने ससुराल वापस लौट जाएंगी और अपने पति के साथ रहेंगी। वहीं, भाटी परिवार निक्की के बच्चों के नाम संपत्ति हस्तांतरित करेगा। भाटी परिवार आर्थिक सहयोग भी देगा।
सूत्रों के मुताबिक, समझौते के बाद निक्की का परिवार कोर्ट में एफिडेविट दाखिल करेगा और ससुरावालों के खिलाफ मामले को वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगा। बताया जा रहा है कि पंचायत में दोनों पक्षों के बुजुर्गों और समाज के गणमान्य लोगों के बीच लंबी चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया।
2016 में हुई थी शादी
ग्रेटर नोएडा के रूपवास गांव में रहने वाले भिखारी सिंह की दो बेटियों निक्की और कंचन की शादी साल 2016 में हुई थी। निक्की की विपिन और कंचन की रोहित से शादी रचाई गई। पिता ने अपनी दोनों बेटियों की शादी में कोई कसर नहीं छोड़ी और खूब खर्च किया।
जब आग की लपटों में घिरीं निक्की का सामने आया था VIDEO
21 अगस्त 2025 को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव से आग की लपटों से घिरीं निक्की का वीडियो सामने आया, जिसने हर किसो को दहला दिया था। मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। इस घटना के बाद निक्की की बहन कंचन भी अपने मायके वापस लौट गई थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पति विपिन भाटी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। इसके अलावा निक्की के ससुर सतवीर भाटी, जेठ रोहित भाटी और निक्की की सास को भी गिरफ्तार किया गया था।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 May 2026 at 14:55 IST