Pune Porsche Case: जमानत पर रिहा के बाद नोटों की माला पहन किया डांस, पुणे पोर्शे आरोपी के पिता का VIDEO वायरल, बेटे ने 2 इंजीनियरों को कुचल दिया था जिंदा
Pune Porsche Case: 2024 के चर्चित पुणे पोर्श मामले से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें नाबालिग लड़के के पति विशाल अग्रवाल को डांस करते और जश्न मनाते देखा जा सकता है। उनको डेढ़ महीने पहले ही जमानत मिली। वीडियो देख लोग आगबबूला हो गए हैं।
- भारत
- 3 min read

Pune Porsche Case: पुणे का दो साल पुराना चर्चित पोर्शे कार एक्सीडेंट मामला फिर तूल पकड़ रहा है। आरोपी अग्रवाल परिवार को जमानत मिलने के बाद जश्न मनाते देखा गया, जिसका वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया है। नाबालिग आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ गले में नोटों की माला पहनकर डांस करते दिख रहे हैं। इससे घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फिर भड़क रहा है।
मई 2024 के पुणे पोर्शे एक्सीडेंट मामले में कुछ महीने पहले ही जमानत मिली थी। इस घटना में दो युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियरों अनीश अवधिया और अश्विनी कोष्टा की मौत हुई थी।
अग्रवाल परिवार के जश्न का VIDEO
अब अग्रवाल परिवार के पार्टी करते सामने आए वीडियो में उन्हें 'मुंबई से आया मेरा दोस्त...' गाने पर जमकर थिरकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में विशाल अग्रवाल और उनकी पत्नी गले में नोटों की माला पहनकर डांस कर रहे हैं। हालांकि इस वीडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सामने आते ही लोग आगबबूला हो गए हैं। उनका कहना है कि घटना को हुए दो साल बीत चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवार अभी तक न्याय का इंतजार कर रहे हैं। वहीं जिनके बेटे की लापरवाही के कारण दो निर्दोष युवकों की जान चली गई, वे जमानत मिलते ही ऐसे जश्न मना रहे हैं जैसे कोई बड़ी जीत हासिल कर ली हो। यह पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। लोग अब न्याय व्यवस्था और रसूख वाले परिवारों की बेदर्दी पर सवालों की बौछार कर रहे हैं।
Advertisement
नाबालिग ने दो लोगों को कुचला था
घटना 19 मई 2024 की है। पुणे के पॉश कल्याणी नगर इलाके में 17 साल के नाबालिग लड़के ने पोर्शे कार से दो लोगों को कुचल दिया था। आरोप है कि नाबालिग नशे में कार को चला रहा था। हालांकि कोर्ट से आरोपी नाबालिग को 300 शब्दों का निबंध लिखने का आदेश देते हुए कुछ ही घंटों में जमानत दे दी थी। इस मामले ने फिर तूल पकड़ा।
जांच में हुए कई खुलासे
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अग्रवाल परिवार ने पैसे और रसूख का पूरा जोर लगाकर ससून अस्पताल के डॉक्टरों के साथ सांठ-गांठ कर नाबालिग के ब्लड सैंपल बदलवा दिए थे। ऐसा उन्होंने खून में शराब होने का सबूत मिटाने के लिए किया था। इस खुलासे के बाद पुणे पुलिस ने नाबालिग के पिता विशाल अग्रवाल (प्रसिद्ध बिल्डर), उसके दादा और पब मालिकों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नाबालिग को सुधार गृह में भेज दिया गया था। लगभग 22 महीने हिरासत में बिताने के बाद नाबालिग के पिता विशाल अग्रवाल को 10 मार्च, 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दी थी।