भारत दौरे पर आए नेपाल पीएम बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत,पीएम मोदी के साथ वर्चुअली सरयू-कमला एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
पीएम बालेन शाह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति भवन में उनका भव्य स्वागत हुआ। हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता हुई।
- भारत
- 3 min read
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा के दौरान नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर उन्हें गले लगाया। इस दौरान रेड कार्पेट बिछाया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की।
बालेन शाह की दो दिवसीय यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और नेपाल की प्राथमिकताएं कई मामलों में एक जैसी हैं। दोनों देश आर्थिक विकास, लोगों के जीवन स्तर में सुधार, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, नई तकनीक अपनाने के साथ ही प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने पर जोर दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और विकास सहयोग पर चर्चा की उम्मीद है।
राजघाट पहुंचे पीएम बालेन शाह
इससे पहले पीएम बालेन शाह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधीजी की समाधि पर फूल चढ़ाए और विजिटर बुक में उनके जीवन और विचारों के बारे में अपनी राय लिखी।
हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता
द्विपक्षीय बातचीत के लिए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैदराबाद हाउस में मिले। इस दौरान बालेन शाह पीएम मोदी के लिए खास तोहफा लेकर पहुंचे थे। उन्होंने पीएम मोदी पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट किया और
एक कलात्मक लकड़ी के डिब्बे में रुद्राक्ष, शालिग्राम और चंदन भी भेंट किया।
सरयू-कमला एक्सप्रेस दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री सचिवालय के मुताबिक, यह बालेन शाह की ओर से मोदी के लिए निजी उपहार था। प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है, जिसे भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच रेल कनेक्टिविटी तो मजबूत करने की दिशा में एक नई शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 23 November 2026 at 12:39 IST