आसमान से बरसेगी आग: आज से शुरू हो गया नौतपा, अगले कुछ दिन रहें सावधान; दिल्ली-UP-हरियाणा में कितना पहुंचेगा तापमान?
Weather: आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है। ऐसे में अगले 9 दिन काफी भारी हैं। कई जगहों पर भीषण गर्मी से हाल बेहाल हो सकता है। हालांकि कुछ जगह इस बीच बारिश का भी अलर्ट है।
Weather Report, 25 May 2026: अगले कुछ दिन थोड़ा संभलकर रहें। आसमान से आग बरसने वाली है। आज (25 मई) से नौतपा की शुरुआत हो रही है। ऐसे में कई जगहों पर भीषण गर्मी का सितम और बढ़ सकता है। IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण लू से लेकर अत्यधिक गर्मी का अलर्ट है। दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तापमान 50 डिग्री के करीब भी पहुंच सकता है। हालांकि इस बीच कुछ राज्यों में बारिश का भी अलर्ट है।
नौतपा शब्द ही अपनी कहानी कहता है– 'नौ' और 'तपा' यानी नौ दिन की तपिश। इसमें सूर्य की गर्मी चरम पर पहुंच जाती है। नौतपा शुरू होने से पहले गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। ऐसे में अब हालात और खराब हो सकते हैं।
दिल्ली का आज का हाल
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरी दिल्ली-NCR में लू की स्थिति बनी रहेगी। IMD ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भीषण लू और गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है। कई इलाकों में रात के समय भी गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को कोई राहत नहीं मिलेगी।
यूपी में रेड अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी का दौर रहेगा। प्रदेश के 10 जिलों बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 54 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
कई जगहों पर हो सकती है बारिश
गर्मी के बीच कुछ राज्यों में राहत की खबर भी है। बिहार में किशनगंज, पूर्णिया समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। झारखंड में रांची सहित कई जगहों पर बारिश होने की उम्मीद है।
उत्तराखंड के सात जिलों देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और स्थानीय लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। असम और मेघालय में 25 से 29 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में भी तेज बारिश, आंधी और तूफान का खतरा है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और लक्षद्वीप में अगले कई दिनों तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने वाली है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कर्नाटक में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में प्री-मानसून बौछारें गर्मी को कम करने में मदद कर रही हैं।
नौतपा के दौरान क्या करें, क्या न करें?
- दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
- खूब पानी, छाछ, नारियल पानी और फल खाएं।
- हल्के सूती कपड़े पहनें और सिर ढककर निकलें।
- बारिश वाले इलाकों में छाता और रेनकोट साथ रखें, बिजली और जलभराव से सावधान रहें।
- बुजुर्गों, बच्चों और जानवरों का खास ध्यान रखें। पक्षियों के लिए पानी के बर्तन रखना न भूलें।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 25 May 2026 at 10:38 IST