महिला के सिर पर धड़ाम से गिरी लिफ्ट, 10 मिनट तक चिल्लाती रही और फिर... नासिक में दिल दहला देने वाले हादसे का VIDEO

नासिक के मेडिकल कॉलेज में एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई है। उसका सिर अचानक लिफ्ट में फंस गया। इसके बाद वो काफी देर तक चिल्लाती रही। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Follow :  
×

Share


Maharashtra: महाराष्ट्र के नासिक में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां लिफ्ट में सिर फंसने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के सामने आने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। इस दौरान का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जो जमकर वायरल हो रहा है।

यह घटना नासिक शहर के अंडगांव इलाके में डॉ. वसंतराव पवार कॉलेज में सोमवार, 27 अप्रैल की बताई जा रही है, जो कि कॉलेज के सर्जरी डिपार्टमेंट की है। यहां इक्विपमेंट के ड्रम ले जाने वाली एक ट्रॉली में सिर फंसने के कारण एक महिला कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गई।

लिफ्ट में कैसे फंसा सिर?

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला सर्जरी के दौरान इस्तेमाल होने वाले होइस्ट लिफ्ट को देख रही है। जब वो डक्ट में नीचे झांक रही होती है, तभी लिफ्ट ऊपर से उसकी तरफ आ जाती है। इतनी भारी लिफ्ट के नीचे उसका सिर तकरीबन 10 मिनट तक फंसा रहा।

दूसरे कर्मचारियों ने की बचाने की कोशिश

वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि एक दूसरी महिला कर्मचारी उसे बचाने की कोशिश करती है। बाद में नाकाम होने के बाद वो तुरंत भागकर अपने दूसरे कर्मचारियों को बुलाती है। महिला के बेटे ने मामले में मेडिकल कॉलेज एडमिनिस्ट्रेशन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

'मां की मौत अस्पताल की गलती से हुई'

महिला के बेटे ने अपनी मां की मौत का जिम्मेदार अस्पताल को बताया। जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट में सिर फंसे रहने के चलते महिला की मौत हो गई।   

लिफ्ट नहीं, होइस्ट ट्रॉली में फंसा सिर

घटना में जिस लिफ्ट का जिक्र हो रहा है, वह लिफ्ट नहीं बल्कि सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले इक्विपमेंट के ड्रम ले जाने वाली एक होइस्ट ट्रॉली बताई जा रही है। जांच में पता चला है कि ट्रॉली में किसी तरह की कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। फिलहाल नासिक के एक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें: Bengal Election: '15-20 गुंडे आए, लोहे की रॉड और लाठियों से मुझे मारा', नादिया में BJP एजेंट पर हमला, TMC कार्यकर्ताओं ने फोड़ा सिर

 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 29 April 2026 at 12:27 IST