अपडेटेड 21 March 2025 at 20:18 IST
नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान ने क्यों की मेडिकल ट्रीटमेंट की मांग? वकील ने सबकुछ बताया, VIDEO
17 मार्च को नागपुर में दो गुटों में झड़प के बाद जमकर आगजनी और पत्थरबाजी हुई। हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम खान को ही बताया जा रहा है।
Nagpur Violence: नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम खान ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उसने कोर्ट में पेशी के दौरान मेडिकल ट्रीटमेंट का अनुरोध किया। इसके बाद कोर्ट ने फहीम खान को MCR (मजिस्ट्रियल कस्टडी रिमांड) में भेज दिया गया।
महाराष्ट्र में जारी औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद के बीच बीते दिनों नागपुर हिंसा की आग में झुलस उठा था। 17 मार्च को नागपुर में दो गुटों में झड़प के बाद जमकर आगजनी और पत्थरबाजी हुई। हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम खान को ही बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पुलिस ने देशद्रोह का मामला दर्ज किया है।
फहीम खान ने पुलिस पर लगाए दुर्व्यवहार के आरोप
नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान की आज (21 मार्च) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी हुई। सहायक सरकारी वकील मेघा बुरंगे ने कहा, “उसने (फहीम खान) जो अपराध किया है, वह बहुत गंभीर है। जांच चल रही है। जांच के माध्यम से जो भी पता चलेगा और जो भी सबूत मिलेंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उसने कहा कि पुलिस ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया है, लेकिन उसने किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की पहचान नहीं की।”
वकील के मुताबिक कोर्ट ने उससे पूछा कि उसके साथ किसने दुर्व्यवहार किया, लेकिन उसने कहा कि वह किसी की पहचान नहीं करता। उसने कहा कि उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिसके आधार पर वह चिकित्सा उपचार चाहता था। इसलिए कोर्ट ने आदेश दिया कि उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा जाए। उसे भर्ती कराया गया और उसका MCR (मजिस्ट्रियल कस्टडी रिमांड) लिया गया और साथ ही PCR (पुलिस कस्टडी रिमांड) का अधिकार सुरक्षित रखा गया। उन्होंने कहा कि इसमें और भी आरोपी शामिल होने की संभावना है, अगर हमें उनकी संलिप्तता का पता चलता है तो उन्हें हिरासत में लिया जाएगा और कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।
फहीम खान पर लगे हैं ये आरोप
महाराष्ट्र पुलिस ने नागपुर हिंसा के मामले में माइनॉरिटीज डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) के स्थानीय नेता फहीम शमीम खान को गिरफ्तार किया था। फहीम पर 500 से ज्यादा लोगों को इकट्ठा करने और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप है। कथित तौर पर फहीम खान ने 17 मार्च को लोगों को बरगलाया और उन्हें एक जगह इकट्ठा किया था। फहीम खान ने कथित तौर पर पुलिस से तीखी बहस की थी और उसके बाद सड़क पर ही बैठ गया था। बाद में एक अफवाह से शहर के अंदर हिंसा भड़क उठी। पुलिस ने फहीम समेत 6 आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया है।
नागपुर हिंसा में 80 से ज्यादा गिरफ्तार, कई FIR दर्ज
पुलिस नागपुर हिंसा की जांच में जुटी है। अबतक इस मामले में 80 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हाल ही में हिंसा को लेकर 4 नए FIR दर्ज की है। पहले से ही पांच मुकदमे दायर किए जा चुके थे। नई एफआईआर में फहीम खान और 5 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। फहीम खान समेत अन्य के खिलाफ ये एफआईआर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर की गई है। साइबर क्राइम की टीम ने ऐसे ही 100 के करीब झूठ फैलाने वाले पोस्ट वेरिफाई किए हैं।
यह भी पढ़ें:
यह भी पढ़ें: महिला सुरक्षा के मुद्दे पर BJP ने ममता सरकार को घेरा, कहा- पाकिस्तान, अफगानिस्तान की तरह कहा जा रहा आप रात में काम...
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 21 March 2025 at 20:18 IST