'मेरा बेटा डिप्रेशन में नहीं था, व्यापार में कर्ज और लेन-देन...', श्रद्धा दुबे के आरोपों पर शिव शर्मा की मां का जवाब; आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की
शिव शर्मा हत्याकांड को लेकर अब मां रंजना शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने श्रद्धा दुबे के उन सारे आरोपों को सिर से खारिज कर दिया, जिसमें शिवा के डिप्रेशन में होने की बात कही थी।
- भारत
- 4 min read
लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे एक के बाद एक वीडियो जारी अपनी बेगुनाही साबित करने की कोशिश में लगी है। वीडियो में श्रद्धा ने दावा किया है कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उन्होंने आत्महत्या की थी। उन्होंने कहा कि शिवा कुछ दिनों से डिप्रेशन में चल रहे थे और उन पर लाखों का कर्ज भी था। श्रद्धा के इन आरोपों पर अब मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने श्रद्धा के सारे आरोपों के सिरे खारिज करते हुए कहा कि मेरा बेटा डिप्रेशन में नहीं था।
शिव शर्मा हत्याकांड को लेकर मां रंजना शर्मा ने घटना के बारे में विस्तार से बताया, “ उस दिन श्रद्धा की बहन ने फोन करके कहा था कि शिवा बालकनी से गिर गए हैं और हम उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जा रहे हैं। जब हम वहां पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। रिसेप्शन पर पूछताछ करने पर उस नाम की कोई एंट्री नहीं मिली। फिर बहन को कॉल किया तो उसने ड्राइवर का नंबर दिया।”
श्रद्धा के आरोपों पर शिवा की मां का पलटवार
उन्होंने आगे कहा, “ड्राइवर ने बताया कि हम मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में हैं। जब मैं अकेली वहां पहुंची तो एक एंबुलेंस खड़ी मिली। एंबुलेंस का ड्राइवर और इनका ड्राइवर दानिश वहां थे। दानिश से पूछने पर उसने कहा कि मैं नौकर आदमी हूं, मुझे कुछ नहीं पता इतना कहकर वो वहां से भाग गया।” श्रद्धा के आरोपों पर पलटवार करते हुए रंजना ने कहा, मेरा बेटा डिप्रेशन में नहीं था। रही बात कर्ज की तो शिवा कारोबारी था और कारोबार में लेन और देन दोनों चलता है।
श्रद्धा के पास सरेंडर करने का मौका है -शिवा की मां
रंजना शर्मा ने जोर देकर कहा कि उनके पास मौजूद सभी सबूत वे पुलिस को सौंप चुकी हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो और न्याय मिले। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धा के पास मौका है कि वे पुलिस के सामने जाकर अपनी बात रखें। बता दें कि श्रद्धा दुबे ने शिवा की मौत के पीछे भारी कर्ज और मानसिक तनाव को मुख्य वजह बताया है।
श्रद्धा ने वीडियो में क्या कहा था?
मॉडल श्रद्धा का कहना है कि शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और जब भी वे साथ बैठते थे, लगातार कर्जदारों के फोन आते रहते थे। श्रद्धा ने दावा किया कि उसने शिवा का मोबाइल फोन पुलिस के पास भिजवा दिया है, जिसकी कॉल डिटेल से कर्जदारों के फोन का सच सामने आ जाएगा।
नेपाल से श्रद्धा की आई तस्वीर
कारोबारी शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को लखनऊ स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर मामले को दुर्घटना माना गया था, लेकिन परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी और फिर उन्हें इमारत से नीचे फेंक दिया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में जांच शुरू की। श्रद्धा दुबे घटना के बाद अपनी बहने के साथ फरार है। पुलिस ने उनपर 25 हजार रखा है। श्रद्धा के नेपाल भागने की बात सामने आई है। उसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो नेपाल की सड़कों पर रिक्शा में बैठे नजर आ रही है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 16 October 2026 at 08:37 IST