अपडेटेड 26 May 2025 at 22:27 IST
Mumbai Rain: 75 साल में पहली बार मानसून ने मुंबई में इतने पहले दी दस्तक, IMD ने बताई इसके पीछे की वजह
Mumbai Rain: मुंबई में 75 साल में पहली बार मानसून ने जल्दी दस्तक दे दी है। IMD ने बताया कि मुंबई में करीब 16 दिन पहले मानसून ने दस्तक दी है।
मुंबई में इस बार मानसून ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। 75 साल में पहली बार मुंबई में मानसू का आगमन सबसे जल्दी होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई को मुंबई में समय से पहले पहुंच गया। ऐसे अनुमान लगाया गया था कि इस साल मुंबई में 11 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है। हालांकि, इससे 16 दिन पहले ही मानसून के आने का संकेत मिल रहा है।
अब तक, शहर में सबसे पहले मानसून आने का रिकॉर्ड 29 मई को था, जो 1956, 1962 और 1971 में दर्ज किया गया था। दक्षिण-पश्चिम मानसून के जल्दी आने से यह रिकॉर्ड टूट गया है, क्योंकि शहर में रविवार, 25 मई को देर से भारी बारिश शुरू हुई और सोमवार, 26 मई तक जारी रही।
क्या है अभी की स्थिति?
25 मई तक, दक्षिण-पश्चिम मानसून कोंकण के देवगढ़ पहुंच चुका है - जो कि महाराष्ट्र और गोवा के लिए 5 जून को होने वाली अपनी सामान्य तिथि से लगभग 10 दिन पहले है।
IMD ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, "दक्षिण-पश्चिम मानसून आज, 26 मई 2025 को मुंबई पहुंच गया है, जबकि सामान्य तारीख 11 जून है। इस प्रकार, मानसून सामान्य से 16 दिन पहले मुंबई पहुंच गया है। यह 2001-2025 के समय के दौरान मुंबई में सबसे पहले मानसून के आगमन को दर्शाता है।"
मुंबई और कर्नाटक के कई हिस्सों में रेड अलर्ट
आईएमडी ने मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों के साथ-साथ कर्नाटक सहित कई क्षेत्रों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है, क्योंकि मौसम की खराब स्थिति के कारण तेज हवाएं, भारी बारिश और गरज के साथ बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
आवाजाही में भी परेशानी
मुंबई के रेलवे नेटवर्क को भी कई ट्रैक पर बारिश के पानी के कारण कई व्यवधानों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, जलभराव के कारण वडाला रोड और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के बीच सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 26 May 2025 at 22:27 IST