BREAKING: मुंबई के चेंबूर में दर्दनाक हादसा, स्कूल बस पर गिरा पेड़; 11 साल के बच्चे की मौत, 4 घायल
मुंबई में एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से हादसा हो गया, मासूम 11 साल के विहान श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 4 बच्चे घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जानें कैसे हुआ हादसा? पूरा खबर पढ़ें
- भारत
- 3 min read
Mumbai School Bus Accident: मुंबई के चेंबूर इलाके में आज (30 जून) को दोपहर के वक्त एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक स्कूल बस पर अचानक बड़ा पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे 11 साल के बच्चे विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई, वहीं 4 अन्य बच्चे भी घायल बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
चेंबूर के रोड नंबर-11 पर यूनिवर्सल हाई स्कूल (तिलक नगर) की बस इस हादसे का शिकार हुई, दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर छात्रों से भरी बस इस रास्ते से होकर गुजर रही थी, बस में 12 बच्चे सवार थे, भारी बारिश होने के कारण हो सकता है पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई हो ये भी कारण बताया जा रहा है, पेड़ अचानक रास्ते पर गिरा और बस पेड़ के नीचे दब गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, मासूम बच्चों की मदद के लिए आस-पास के लोग भी पहुंचे।
मौके पर शुरू हुआ बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी की टीम और एंबुलेंस भी पहुंच गई। सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, घायल छात्रों को तुरंत चेंबूर के जेन अस्पताल (Zen Hospital) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। 4 घायल छात्रों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, बीएमसी की टीम पेड़ गिरने के कारणों का पता लगा रही है। लगातार बारिश के कारण मुंबई में कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने पेड़ों की जड़ें कमजोर हैं और मेंटेनेंस ठीक से नहीं होने पर इस तरह के हादसे हो रहे हैं।
स्कूल बसों में यात्रा करने वाले बच्चों के माता-पिता इस घटना से बेहद दुखी हैं। कई माता-पिता सड़क सुरक्षा और बसों के रूट पर सवाल उठा रहे हैं। यूनिवर्सल हाई स्कूल ने एक बयान जारी कर शोक व्यक्त किया है और घायल छात्रों के परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
बारिश में बढ़ते खतरे
मुंबई में मानसून के दौरान पेड़ गिरने की घटनाएं और भी बढ़ जाती है। ये घटना इस बात पर भी ध्यान देने पर मजबूर करती है कि शहरों में पुराने पेड़ों की नियमित जांच और कटिंग जरूरी है, पिछले सालों में भी कई जगहों पर ऐसी घटनाएं हुई। जिनमें आम नागरिक और वाहन प्रभावित हुए।
बच्चों की सुरक्षा के लिए सुझाव
स्कूल बस में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सुझाव दिए जाते हैं कि स्कूल बसों में बच्चों की सीट बेल्ट अनिवार्य हो, बारिश में पेड़ों वाले रूट पर ज्यादा सतर्कता बरतें। बीएमसी को पुराने पेड़ों की मॉनिटरिंग तेज करनी चाहिए, साथ ही अभिभावक बस ट्रैकिंग ऐप का इस्तेमाल करें। जिससे माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कर पाएंगे। फिलहाल इस घटना पर पुलिस जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 30 June 2026 at 18:41 IST