जनता को लगेगा महंगाई का झटका! मदर डेयरी और अमूल 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा सकते हैं रेट, इस तारीख से लागू होगी नई दर

मदर डेयरी ने 12 नवंबर 2026 से दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह संशोधन फुल क्रीम, टोंड, डबल टोंड और गाय के दूध सहित पांच प्रमुख वैरिएंट्स पर लागू होगा।

 
Follow :
12 नवंबर से बढ़ सकते हैं दूध के दाम, मदर डेयरी और अमूल ला सकती हैं नया रेट कार्ड; देखें पूरी लिस्ट | Image: ANI

महंगाई की मार झेल रही आम जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। प्रमुख डेयरी ब्रांड मदर डेयरी और अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। 12 नवंबर से लागू होने वाली इन नई दरों के तहत दूध के दाम 2 रुपये से लेकर 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए गए हैं। दूध आपूर्ति में कमी और लगातार बढ़ती खरीद लागत को इस वृद्धि का मुख्य कारण बताया जा रहा है।

विभिन्न श्रेणियों में दूध के नए दाम

उद्योग सूत्रों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और अन्य क्षेत्रों में दूध की अलग-अलग श्रेणियों में कीमतों में भिन्न संशोधन किया गया है।

भैंस का फुल क्रीम दूध- इसमें सबसे ज्यादा 6 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जिससे इसकी कीमत 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

फुल क्रीम पैकेज्ड दूध- इसकी कीमत में 4 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे यह 72 रुपये के बजाय अब 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

गाय का दूध- इसकी कीमत 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर (3 रुपये की वृद्धि) हो गई है।

पैकेज्ड टोंड दूध- यह 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर बिकेगा। थोक वेंडिंग मशीनों (टोकन) के जरिए मिलने वाला टोंड दूध 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

डबल टोंड दूध- इसकी दर 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

क्यों बढ़ी दूध की कीमतें?

सर्दियों की शुरुआत के दौरान 'फ्लश सीजन' होता है, जिसमें दूध का उत्पादन और उपलब्धता बेहतर रहती है तथा कीमतें स्थिर रहती हैं। हालांकि, इस बार डेयरी क्षेत्र आपूर्ति से जुड़ी गंभीर बाधाओं का सामना कर रहा है।  मवेशियों के चारे की बढ़ती कीमतों ने डेयरी किसानों का वित्तीय गणित बिगाड़ दिया है।पिछले कुछ महीनों में दूध वसा की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक का उछाल आया है। आमतौर पर ताजे दूध की कमी होने पर कंपनियां दूध पाउडर और वसा मिलाकर तरल दूध तैयार करती हैं, लेकिन वसा की अधिक दरों ने इस विकल्प को भी महंगा बना दिया है।

कंपनियों को संग्रह स्तर सुधारने के लिए किसानों को बेहतर दाम देने पड़ रहे हैं। उदाहरण स्वरूप, अमूल ने वसा से जुड़ी खरीद दर बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है ताकि किसानों को दूध का 60 रुपये प्रति लीटर से अधिक मूल्य मिल सके।

मदर डेयरी के नेटवर्क में वृद्धि 

1974 में स्थापित मदर डेयरी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। मदर डेयरी अकेले दिल्ली-एनसीआर में रोजाना लगभग 35 लाख लीटर और देशभर में 50 लाख लीटर से अधिक दूध का वितरण करती है। कंपनी अपनी कमाई का 75-80 प्रतिशत हिस्सा सीधे किसानों के साथ साझा करती है।बढ़ती लागत के बावजूद, मजबूत मांग के कारण मदर डेयरी ने पिछले वित्त वर्ष में 17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया है। कंपनी नौ दूध प्रसंस्करण संयंत्रों, चार बागवानी संयंत्रों और 'धारा' ब्रांड के तहत खाद्य तेल के 16 संबद्ध संयंत्रों का संचालन करती है। दूध की कीमतों में इस ताजा संशोधन से जहां एक ओर डेयरी किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होना तय है।

ये भी पढ़ें - UP विधानसभा चुनाव को लेकर जुबानी जंग तेज, अखिलेश का बड़ा दावा, कहा- अब लड़ाई 80-20 की नहीं 95-5 की होगी, BJP को पता भी नहीं लगेगा…

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 11 November 2026 at 15:47 IST