UP: मेरठ में अवैध कॉम्प्लेक्स पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात; पूरे इलाके की ड्रोन से हो रही निगरानी
मेरठ के सेंट्रल मार्केट में बने अवैध कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जानें क्या है पूरा मामला।
Meerut Bulldozer Action: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में बने अवैध कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई हो रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आसपास के इलाके में वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। मेरठ में इस 35 साल पुराने कॉम्प्लेक्स में बनीं 22 दुकानें ढहाई जा रही हैं।
फूट फूट कर रोने लगे कारोबारी
प्रशासन के बुलडोजर एक्शन से पहले कारोबारी अपनी दुकानों के सामने बैठकर फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि अब उनका क्या होगा, कहां जाएंगे और किस तरह से अपना गुजारा करेंगे। सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर प्रशासन की टीम पहुंची, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी। सुरक्षा के लिए कई थानों की फोर्स और PAC तैनात किया है। ATS के ड्रोन से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
क्या है मामला?
यह कॉम्प्लेक्स आवासीय भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था, जिसके खिलाफ लम्बी कानूनी लड़ाई चली। सुप्रीम कोर्ट ने 17 दिसंबर 2024 को सेंट्रल मार्केट के आवासीय भूखंड पर बने व्यावसायिक कांप्लेक्स को ध्वस्त करने का आदेश दिया था। लगभग 10 महीने बाद शनिवार को पुलिस प्रशासन यह अवैध निर्माण गिराएगा।
मौके पर भारी पुलिस बल और अग्नि शमन वाहन तैनात हैं। पुलिस दुकानों के शटर उठाकर उसके खाली होने की जांच कर रही है। व्यापारियों ने अपनी दुकानों से सामान निकाल लिया है। कोई व्यापारी इस सामान को अपने घर ले गए तो किसी ने किराये पर स्थान लेकर इस सामान को रखवा दिया है। रातभर सेंट्रल मार्केट में गहमागहमी बनी रही।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 25 October 2025 at 13:25 IST