अपडेटेड 11 October 2025 at 18:27 IST

'आपकी बेटी के साथ रेप हुआ...', पिता को आया फोन; आरजी कर के बाद एक और मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ गैंग रेप से दहला बंगाल

Medical student gang-raped in Durgapur: ओडिशा निवासी पीड़िता को शुक्रवार रात पास के जंगल में घसीटकर ले जाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। उसका बयान दर्ज कर लिया गया है और उसका इलाज चल रहा है। शिकायत वासिफ अली नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज की गई है।

Follow :  
×

Share


मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ गैंग रेप से दहला बंगाल | Image: ANI/X/Canva

Medical student gang-raped in Durgapur: पश्चिम बंगाल से एक बार फिर से शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। जी हां, न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है। पीड़िता ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है। जांच जारी है।

घटना शुक्रवार रात की है। मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा अपनी दोस्त के साथ हॉस्टल से बाहर खाने निकली थी। तभी उसके साथ यह घटना हुई है। वहीं, पीड़िता के पिता का बयान भी सामने आई है। उन्होंने जो बात कही है और दावा किया है, वह आपको हैरान कर देगा।

सहेली ने हमें फोन करके बताया कि आपकी बेटी के साथ बलात्कार हुआ - पीड़िता के पिता

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, दुर्गापुर में हुई इस घटना पर पीड़िता के पिता का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा - रात 10 बजे उसकी सहेली ने हमें फोन करके बताया कि आपकी बेटी के साथ बलात्कार हुआ है। हम जलेश्वर में रहते हैं। मेरी बेटी यहां (दुर्गापुर) पढ़ती थी। कल उसकी एक सहपाठी उसे खाने के बहाने बाहर ले गई, लेकिन जब दो-तीन और आदमी आए, तो वह उसे छोड़कर भाग गई।

उन्होंने उसके साथ बलात्कार किया... यह घटना रात 8 से 9 बजे के बीच हुई। हॉस्टल बहुत दूर था, और वह यहां खाना खाने आई थी। सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं... इतनी गंभीर घटना हुई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां कोई व्यवस्था नहीं है, कोई प्रतिक्रिया नहीं है।


पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं - अमित मालवीय

बीजेपी ने इस घटना पर पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा - "पश्चिम बंगाल से यौन हिंसा का एक और भयावह मामला सामने आया है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की घटना के बाद, दुर्गापुर के आईक्यू मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया है।

ओडिशा निवासी पीड़िता को शुक्रवार रात पास के जंगल में घसीटकर ले जाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। उसका बयान दर्ज कर लिया गया है और उसका इलाज चल रहा है। शिकायत वासिफ अली नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज की गई है।

कानून-व्यवस्था की यह बार-बार की विफलता ममता बनर्जी के प्रशासन के तहत एक परेशान करने वाले पैटर्न को उजागर करती है। पश्चिम बंगाल पुलिस को आरजी कर एमसीएच मामले के विपरीत, एक पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, जिसे कोलकाता पुलिस ने निर्देशों के तहत गलत तरीके से संभाला था, ताकि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले।

पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। जब तक टीएमसी सरकार को जवाबदेह नहीं ठहराया जाता, राज्य भर की महिलाएं डर के साये में जीती रहेंगी। ममता बनर्जी को 2026 में जाना होगा।"


पुलिस जांच कर रही है  - मंत्री शशि पांजा

वहीं, इस घटना पर पश्चिम बंगाल के मंत्री शशि पांजा का भी बयान आया है। उन्होंने कहा है, "दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एक मेडिकल छात्रा के साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। शिकायत सामूहिक बलात्कार से संबंधित है। हम इस बात पर जोर देना चाहते हैं कि पुलिस जांच कर रही है और जांच जारी है। लड़की के माता-पिता ओडिशा से आ चुके हैं और उन्होंने चल रही जांच में अपना विश्वास व्यक्त किया है..."

यह खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है - ओडिशा के सीएम

दुर्गापुर गैंगरेप मामले पर ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने ट्वीट किया, "पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक ओडिया छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद निंदनीय और दर्दनाक है। यह खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। मैं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से कानून के अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं... मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क करने और आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। ओडिशा सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।"

 

ये भी पढ़ें - MP: पुलिस कांस्टेबल की इतनी हिम्मत कि DSP के साले को पीट-पीट कर मार डाला, कार में कर रहे थे पार्टी; बस इतनी सी बात पर हत्या

Published By : Amit Dubey

पब्लिश्ड 11 October 2025 at 18:27 IST