अपडेटेड 7 February 2026 at 09:03 IST
'खुद को धोखा दे रहा पाकिस्तान', इस्लामाबाद मस्जिद ब्लास्ट का PAK ने भारत पर फोड़ना चाहा ठीकरा, तो विदेश मंत्रालय ने दिया करारा जवाब
Islamabad Shia mosque blast: विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद मस्जिद धमाके में भारत के शामिल होने के पाकिस्तान के आरोपों को बेबुनियाद और बेतुका बताया है। हमले में कम से कम 31 नमाजियों की मौत हुई है और करीब 170 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
MEA reacts to Islamabad Suicide bombing: पाकिस्तान ने इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में शुक्रवार (6 फरवरी) को हुए आत्मघाती हमले का ठीकरा भारत पर फोड़ना चाहा। भारतीय विदेश मंत्रालय ने पड़ोसी देशों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। मंत्रालय ने आरोपों को बेबुनियाद और बेतुका बताया है। साथ ही यह भी कहा कि भारत पर ऐसे आरोप लगाकर पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है।
दरअसल, इस्लामाबाद में शिया मस्जिद में नमाज के दौरान आत्मघाती हमला हुआ। इसमें कम से कम 31 नमाजियों की मौत हुई है और करीब 170 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हमला उस वक्त हुआ, जब जुमे की नमाज के लिए करीब 700 लोग मस्जिद परिसर में जमा थे।
पाकिस्तान ने भारत पर लगाया आरोप
पाकिस्तान ने बिना सबूत के इस हमले को भारत और अफगानिस्तान को जोड़ने की कोशिश की थी। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह साबित हो गया है कि हमले में शामिल आतंकी अफगानिस्तान आता-जाता रहता था। भारत और अफगानिस्तान के बीच मिलीभगत का खुलासा हो रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा, ''एक शर्मनाक हार के बाद, भारत अपने प्रॉक्सी के जरिए युद्ध लड़ रहा है। अब उसमें सीधे लड़ने की हिम्मत नहीं है।''
विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब
पाकिस्तान के इन बेबुनियाद आरोपों पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी। बयान में कहा गया, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त करता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को परेशान करने वाली समस्याओं को गंभीरता से हल करने के बजाय, अपने ही देश की बुराइयों के लिए दूसरों को दोष देकर खुद को धोखा दे रहा है। भारत ऐसे किसी भी आरोप को खारिज करता है, जो जितना आधारहीन है, उतना ही व्यर्थ भी है।"
हमले में कम से कम 31 लोगों की मौत, कई घायल
डॉन अखबार के अनुसार, विस्फोट तरलाई क्षेत्र के इमामबाड़ा खदीजा-तुल-कुबरा में हुआ। गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने इस्लामाबाद में मीडिया को बताया कि हमलावर अफगान नागरिक नहीं था, लेकिन अधिकारियों ने फोरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगा लिया है कि वह कितनी बार अफगानिस्तान की यात्रा कर चुका था। अधिकारियों के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार इमामबाड़ा में हुए आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 169 लोग घायल हो गए।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 February 2026 at 09:03 IST