अपडेटेड 17 March 2026 at 13:37 IST
Kabul Hospital Attack: 'कायरतापूर्ण, अमानवीय, घिनौना', काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक पर भड़का भारत, 400 से ज्यादा मौतें
Kabul Hospital Attack: भारत ने काबुल अस्पताल हमले पर तीखी प्रतिक्रिया लेते हुए कहा कि ऐसा कोई धर्म, कोई कानून और कोई नैतिकता नहीं है जो किसी अस्पताल और उसके मरीजों को जान-बूझकर निशाना बनाने को सही ठहरा सके।
India on Pakistan airstrike on Kabul Hospital: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के अस्पताल पर सोमवार (16 मार्च) को हुए हमले पर भारत की प्रतिक्रिया आई है। विदेश मंत्रालय ने 400 से ज्यादा मासूमों की मौत को अमानवीय और निंदनीय बताया है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पाकिस्तान ने रात करीब 9 बजे काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल पर एयरस्ट्राइक की। अफगान सरकार ने बताया कि पाकिस्तान के हमले में 408 लोग मारे गए और 265 जख्मी हुए हैं। तालिबान ने इस हमले का बदला लेने की भी बात कही है।
'नरसंहार को सैन्य अभियान का रूप देने…'
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस घटना को लेकर सख्त बयान जारी किया। इसमें कहा गया, "16 मार्च की रात काबुल में 'उम्मीद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल' पर पाकिस्तान के बर्बर हवाई हमले की भारत कड़ी निंदा करता है। यह हिंसा का एक कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य है, जिसमें एक ऐसी जगह पर बड़ी संख्या में आम नागरिकों की जान चली गई, जिसे किसी भी तरह से सैन्य लक्ष्य के रूप में सही नहीं ठहराया जा सकता। पाकिस्तान अब इस नरसंहार को एक सैन्य अभियान का रूप देने की कोशिश कर रहा है।"
बयान में पाकिस्तान की आक्रामकता के इस घिनौना कृत्य को अफगानिस्तान की संप्रभुता पर एक खुला हमला बताया गया और कहा कि यह क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए एक सीधा खतरा है।
भारत ने पाकिस्तान पर भड़कते हुए यह भी कहा कि वो लगातार अपने लापरवाह रवैये का हिस्सा है। वो सीमा पार आक्रामकता के जरिए अपनी आंतरिक विफलताओं को बाहर थोपने की बार-बार की कोशिश कर रहा है।
रमजान के पवित्र महीने में किया हमला- भारत
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि यह हमला रमजान के पवित्र महीने के दौरान किया गया, जो दुनिया भर के मुस्लिम समुदायों के लिए शांति, चिंतन और दया का समय होता है। यह बात इस हमले को और भी ज्यादा निंदनीय बनाती है। ऐसा कोई धर्म, कोई कानून और कोई नैतिकता नहीं है जो किसी अस्पताल और उसके मरीजों को जान-बूझकर निशाना बनाने को सही ठहरा सके।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय से की अपील
साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की गई है कि उन्हें इस आपराधिक कृत्य के दोषियों को जवाबदेह ठहराना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अफगानिस्तान में आम नागरिकों को पाकिस्तान द्वारा मनमाने ढंग से निशाना बनाने का सिलसिला बिना किसी देरी के बंद हो।
भारत ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही यह भी कहा कि भारत इस दुखद घड़ी में अफगानिस्तान की जनता के साथ एकजुटता से खड़ा है। हम अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को भी दोहराते हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 17 March 2026 at 13:37 IST