अपडेटेड 17 March 2026 at 08:08 IST

'रमजान के पवित्र महीने में...', काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले की राशिद खान ने की निंदा, 400 मौतों का दावा, तालिबान बोला- बदला लेंगे

Pakistan airstrike on Kabul Hospital: काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में तालिबान ने 400 मौतों का दावा किया है। हमले में 250 से ज्यादा लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। हमला पर अफगानिस्तान क्रिकेटर्स मोहम्मद नबी और राशिद खान ने दुख जताया है।

Rashid Khan on Kabul Hospital Attack
काबुल अस्पताल हमले पर राशिद खान | Image: X

Kabul Hospital Attack: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक अस्पताल पर पाकिस्तान ने सोमवार (16 मार्च) रात बहुत बड़ा हमला किया। तालिबान ने हमले में 400 लोगों के मारे जाने और करीब 250 लोगों के घायल होने का दावा किया है। पाकिस्तान ने इस हमले के आरोपों को खारिज कर दिया है। वहीं, अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों मोहम्मद नबी और राशिद खान ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।

तालिबान ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने काबुल में नशा मुक्ति केंद्र पर यह हमला किया है। तालिबान ने इसे संप्रभुत्ता का उल्लंघन बताया है।

मोहम्मद नबी ने जताया दुख

रमजान के पाक महीने में हुए इस हमले की अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने निंदा की। क्रिकेटर मोहम्मद नबी ने हमले पर दुख जताते हुए एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "काबुल के एक अस्पताल में उम्मीद की लौ बुझ गई। इलाज के लिए आए युवाओं को पाकिस्तानी सैन्य शासन द्वारा की गई बमबारी में मार डाला गया। दरवाजे पर खड़ी माताएं अपने बेटों के नाम पुकारती रहीं। रमजान की 28वीं रात को, उनकी जिंदगी असमय ही छीन ली गई।"

यह एक युद्ध अपराध है- राशिद खान

राशिद खान ने लिखा कि काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम नागरिकों के हताहत होने की ताजा रिपोर्टों से मुझे गहरा दुख हुआ है। आम नागरिकों के घरों, शिक्षण संस्थानों या चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाना- चाहे जान-बूझकर किया गया हो या गलती से... यह एक युद्ध अपराध है। इंसानी जानों के प्रति इस तरह की घोर उपेक्षा, खासकर रमजान के पवित्र महीने में, बेहद घिनौनी और गहरी चिंता का विषय है। इससे केवल फूट और नफरत ही बढ़ेगी।

Advertisement

क्रिकेटर ने संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकारों के लिए काम करने वाली अन्य एजेंसियों से अपील की कि वे इस हमले की गहन जांच करें और इसके दोषियों को जवाबदेह ठहराएं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मैं अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं। हम इस दुख से उबरेंगे और एक राष्ट्र के रूप में फिर से उठ खड़े होंगे। हम हमेशा ऐसा ही करते आए हैं।

हमले का बदला लिया जाएगा- तालिबान

पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक पर तालिबान बुरी तरह भड़क गया है। एक इंटरव्यू में अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ कूटनीति की सीमा अब समाप्त हो चुकी है। इस हमले का बदला लिया जाएगा।

Advertisement

इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन ने भी की निंदा

इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। संगठन ने कहा कि अस्पतालों और इलाज के केंद्रों जैसी सार्वजनिक जगहों को कभी भी निशाना नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घटना की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है, साथ ही जिम्मेदार पक्षों को सजा दिलाने की अपील भी की। फाउंडेशन ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का साफ उल्लंघन करार दिया है और दुनिया भर के लोगों से इस मुद्दे पर चुप्पी न रहने की गुहार लगाई।

पाकिस्तान ने हमले के आरोपों को नकारा

तालिबान के अस्पताल पर हमले के आरोपों को नकार दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता ने हमले में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाने की बात कही है। वहीं, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने भी कहा कि सोमवार रात को अफगानिस्तान पर किए गए हमले बेहद सटीक थे। इसमें केवल मिलिट्री ठिकानों और आतंकवादी इंफ्रास्ट्रक्चर को टारगेट किया गया। किसी ऐसी जगह को निशाना नहीं किया गया जहां आम लोग रहें।  

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान का काबुल के अस्पताल पर बड़ा हमला, तालिबान का दावा- एयरस्ट्राइक में 400 लोगों की मौत, PAK ने किया खारिज

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 17 March 2026 at 08:08 IST