नवी मुंबई में ऑयल गोदाम में लगी भीषण आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार; प्लाईवुड-कूरियर कंपनियां चपेट में आईं

नवी मुंबई के वाशी सेक्टर-18 में एक ऑयल गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैली की इसने बगल की दो कंपनियों को भी अपने चपेट में ले लिया।

 
Follow :

Navi Mumbai Fire: महाराष्ट्र में नवी मुंबई के वाशी इलाके में एक ऑयल गोदाम में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि पास की एक प्लाईवुड और कूरियर  कंपनी भी इसकी चपेट में आ गई। रात करीब 2 बजे तक आग की लपटें उठती रहीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

यह गोदाम सानपाड़ा सेक्टर-18 में माफको मार्केट के पीछे स्थित सप्तशृंगी ऑयल कंपनी का बताया जा रहा है। इसमें लगी आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि काले धुएं का गुबार कई मील दूर से ही दिखाई दे रहा था।

आग की चपेट में आईं बगल की दो कंपनियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग रविवार रात 9 बजे ऑयल गोदाम से शुरू हुई। इसमें मौजूद ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इस दौरान इसने दो अन्य कंपनियों को भी अपनी जद में ले लिया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के बीच-बीच में धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दे ही थीं।

घंटों तक आग बुझाने का किया प्रयास

आग की सूचना मिलते ही मौके पर अलग-अलग दमकल केंद्रों से गाड़ियां रवाना हुईं। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को और अधिक फैलने से रोकने का प्रयास किया। यह कड़ी मशक्कत रातभर चलती रही।

आग को फैलने से रोकना बड़ी चुनौती

दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आसपास औद्योगिक इकाइयों और दूसरे गोदामों की मौजूदगी देखते हुए आग को फैलने से रोकना काफी बड़ी चुनौती थी। इस दौरान घटनास्थल पर पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां भी पहुंचीं।

कोई जनहानि नहीं

राहत की बात यह रही कि रविवार की छुट्टी होने के कारण गोदाम में कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं थी। इससे संभावित रूप से बड़ी जनहानि होने से टल गई। हालांकि, आग से गोदाम में रखे तेल, मशीनरी और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल इस घटना में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।

यह भी पढ़ें: डेंजरस इश्क! ब्रेकअप से बौखलाए युवक ने गर्लफ्रेंड के घर में लगाई आग, अंदर मौजूद था पूरा परिवार, बाल-बाल बची जान; सनकी प्रेमी गिरफ्तार
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 23 November 2026 at 07:16 IST