डेंजरस इश्क! ब्रेकअप से बौखलाए युवक ने गर्लफ्रेंड के घर में लगाई आग, अंदर मौजूद था पूरा परिवार, बाल-बाल बची जान; सनकी प्रेमी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे में ब्रेकअप से नाराज एक सनकी बॉयफ्रेंड ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी गर्लफ्रेंड का घर ही आग के हवाले कर दिया। घटना के समय युवती और उसके माता-पिता घर के अंदर ही थे। हालांकि, तीनों की किस्मत अच्छी रही और वे बाल-बाल बच गए।
- भारत
- 2 min read
Maharashtra News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सनकी बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड के ब्रेकअप के फैसले से नाराज होकर कथित तौर पर उसके घर को फूंक डाला। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, जिस समय आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया, उस वक्त युवती अपने माता-पिता के साथ घर के अंदर ही मौजूद थी। अचानक आग भड़कने से तीनों की जान खतरे में पड़ गई। लेकिन समय रहते तीनों घर से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
रिश्ते को खत्म करने के फैसले से था नाराज
पुलिस के मुताबिक, युवती और आरोपी दीपेश रस्तोगी पिछले 7 से 8 साल से रिलेशनशिप में थे। मगर बीते कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इससे तंग आकर आखिरकार युवती ने इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला ले लिया। उसने दीपेश को साफ-साफ कह दिया कि अब वो इस रिश्ते को आगे नहीं बढाना चाहती है।
गर्लफ्रेंड के घर को फूंक डाला
मगर दीपेश को उसका ये फैसला कतई रास नहीं आया। वह उसके रिश्ता खत्म करने से काफी नाराज चल रहा था। इसी के चलते उसने अपनी गर्लफ्रेंड के घर में आग लगा दी। इस घटना के बाद परिवार समेत आस-पड़ोस में अफरा-तफरी मच गई। तीनों किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में कामयाब रहे।
Advertisement
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इसके बाद पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। बाद में आरोपी दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, युवती के इस फैसले से नाराज दीपेश ने कथित तौर पर 19 नवंबर को डोंबिवली पूर्व स्थित उसके घर के मेन गेट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
Advertisement
पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की थी साजिश?
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस अब इस एंगल से तफ्तीश कर रही है कि आरोपी का इरादा महज घर में आग लगाना था, या फिर वह युवती और उसके परिवार को भी नुकसान पहुंचाना चाहता था।