'अभिषेक की हत्या की कोशिश हुई, आप चाहें तो मुझ अरेस्ट कर लें, कोलकाता में प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी तो दिल्ली में...', ममता बनर्जी की हुंकार
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) में अंदरूनी कलह और नेताओं पर हमलों के बीच पार्टी संकट में है। आज ममता ने कोलकाता में टीएमसी नेताओं पर हुए कथित हमले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जहां सरकार पर जमकर हमला बोला।
- भारत
- 3 min read
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद जैसे ही सत्ता का परिवर्तन हुआ, उसके बाद ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ने लगी। सत्ता से विपक्ष में बैठने के बाद पार्टी के कई नेता धीरे-धीरे ममता से किनारा कर रहे हैं। एक तरफ पार्टी में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ रही है, तो दूसरी तरफ टीएमसी नेता लगातार हमले झेल रहे हैं।
इस बीच ममता बनर्जी ने टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले के विरोध में सड़क पर उतरने का फैसला किया है। खासकर, पिछले सप्ताह भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर आज कोलकाता के रानी रश्मोनी एवेन्यू में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सरकार पर जमकर हमला बोला।
ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति...-ममता बनर्जी
टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले के विरोध में कोलकाता के रानी रश्मोनी एवेन्यू में विरोध प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला करते हुए कहा 'जो लोग टीएमसी को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, मैं कहना चाहूंगी, 'ईश्वर अल्लाह तेरो नाम सबको सन्मति दे भगवान।'
उन्होंने आरोप लगाया आपने दूसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के सांसद पर जिस तरह से हमला किया, वह चौंकाने वाला है। डॉक्टरों को बुलाया गया, फिर भी अस्पतालों को कथित तौर पर इलाज न करने का निर्देश दिया गया। यह किस तरह का बेतुका और तानाशाही व्यवहार है?
झूठे मामलों में गिरफ्तारी का लगाया आरोप
विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर झूठे मामलों में गिरफ्तारी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा 'पुलिस हमारे नेताओं को धमका रही है। चंदननगर के CP ने हमारे एक नेता को फोन किया और उनसे इस्तीफा देने को कहा, ऐसा न करने पर उन्हें गिरफ्तार करने की धमकी दी। पुलिस हमारे नेताओं को झूठे मामलों में गिरफ्तार कर रही है।'
आगे उन्होंने कहा 'अगर आप चाहें तो मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। टीएमसी 2 जून को पुलिस की अनुमति, माइक्रोफोन या मंच के बिना भी अपना विरोध प्रदर्शन करेगी। अगर हमें कोलकाता में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाती है , तो हम दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेंगे।'
अभिषेक बनर्जी पर हमले का आरोप
यह प्रदर्शन अभिषेक बनर्जी के आरोपों के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा है कि दक्षिण 24 परगना की यात्रा के दौरान उन पर ईंटों, पत्थरों और अंडों से हमला किया गया, जिससे उनकी आंख में चोट आई। पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने भी आरोप लगाया है कि चंदिताला पुलिस स्टेशन के पास प्रतिनिधिमंडल सौंपते समय उन पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वे बाल-बाल बचे।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 2 June 2026 at 17:44 IST