इलेक्ट्रिक स्टोव में हुआ धमाका तो बिजली काट हुआ फरार... कुक की इस 'बड़ी' लापरवाही से 21 लोगों की गई जान? दिल्ली होटल अग्निकांड में बड़ा खुलासा
Delhi Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हुई। अब जांच में इस होटल के कुक केशव नेगी की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
- भारत
- 3 min read
Malviya Nagar Fire Incident: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में होटल के कुक केशव नेगी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पूछताछ में उसने बताया कि घटना वाले दिन 3 जून को इलेक्ट्रिक स्टोव में धमाका हुआ, जिससे आग लग गई। इसके बाद बिजली का मेन स्विच बंद करके होटल से भाग गया। होटल में लगी भयंकर आग में 21 लोगों की मौत हो गई, जिसमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
दिल्ली पुलिस मालवीय नगर अग्निकांड की जांच में जुटी है। इसी सिलसिले में हाल ही में होटल के कुक केशव नेगी को पकड़ा गया।
स्टोव चालू करते ही हुआ धमाका और फिर…
पुलिस ने शनिवार (6 जून) को उससे लगभग छह घंटे की पूछताछ की। नेगी ने बताया कि बुधवार सुबह रसोई में इलेक्ट्रिक स्टोव चालू करते ही उसमें जोरदार धमाका हुआ, जिसकी वजह से आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई। घबराहट में उसने होटल की मुख्य बिजली सप्लाई बंद कर दी और मौके से भाग निकला।
पुलिस को संदेह है कि मुख्य बिजली काट दिए जाने से इमारत का इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉकिंग सिस्टम बंद हो गया, जिस वजह से कई मेहमान कमरों में फंस गए और धुएं व आग की चपेट में बाहर नहीं निकल पाए। जांचकर्ता मान रहे हैं कि बिजली बंद करने के इस कदम ने निकासी के रास्ते प्रभावी रूप से ब्लॉक कर दिए, जिससे हादसे में कई लोगों की जान चली गई। पुलिस अब पूरे मामले में लापरवाही की भूमिका की जांच कर रही है।
जांच में हुए कई खुलासे
होटल के मालिक लवकेश बजाज को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान होटल में सुरक्षा नियमों की भारी अनदेखी के चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं-
- होटल को 'बीएंडबी' (Bed & Breakfast) स्कीम के तहत केवल 6 कमरों के संचालन की इजाजत थी, लेकिन यहां अवैध रूप से 25 से ज्यादा कमरे चलाए जा रहे थे।
- इमारत के पास फायर विभाग की अनिवार्य 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) नहीं थी।
- पूरे होटल में केवल एक ही एंट्री-एग्जिट पॉइंट था। साथ ही, खिड़कियों को स्थायी रूप से सील कर दिया गया था, जिससे लोगों का बाहर निकलना नामुमकिन हो गया।
- आग लगने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई और इलेक्ट्रॉनिक लॉक बंद हो गए, जिससे अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके।
मालवीय नगर अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोंर दिया। 3 जून 2026 को दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में सुबह करीब 8 बजकर 50 मिनट पर आग भड़की। देखते ही देखते उस भीषण आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। दर्दनाक हादसे में 21 लोगों ने अपनी जान गंवाई, जिनमें कई देशों के नागरिक भी शामिल थे।
हादसे की आंखें नम कर देने वाली कहानियां
इस हादसे से कई हिला देने वाली कहानियां आई। गुरुग्राम के चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक अग्रवाल अपने बीमार पिता का हाल जानने दिल्ली आए थे। दर्दनाक हादसे में उनके परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पहली मंजिल के एक बंद वॉशरूम से पति-पत्नी की लाश मिली। उनका शरीर जल चुका था, लेकिन दोनों एक-दूसरे को गले लगाए हुए थे। यह मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 June 2026 at 11:58 IST