Mahua Moitra: '4-5 लोग फ्लाइट में चढ़े, मुझे घूरा फिर चोर-चोर...', महुआ मोइत्रा ने प्लेन में बदतमीजी पर खोला मोर्चा, DGCA लेगा एक्शन?
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि फ्लाइट में 4 से 6 लोगों का एक ग्रुप चढ़ा और उनका वीडियो बनाकर हंगामा करने लगा। इस वीडियो में कुछ लोग कथित रूप से चोर-चोर, टीएमसी चोर और जय श्री राम के नारे लगाते सुनाई दे रहे हैं।
Mahua Moitra: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल जारी है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने फ्लाइट में खुद के साथ कथित बदसलूकी और उत्पीड़न का आरोप लगाया। अब उन्होंने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है।
कृष्णानगर से टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का कहना है कि फ्लाइट में एक ग्रुप चढ़ा और उनका वीडियो बनाकर हंगामा करने लगा। इस वीडियो में कुछ लोग कथित रूप से चोर-चोर, टीएमसी चोर और जय श्री राम के नारे लगाते सुनाई दे रहे हैं।
'मुझे घूरा, फिर फ्लाइट में पीछे गए'
महुआ मोईत्रा ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'अलर्ट! आज मैं एक सरकारी काम से दिल्ली गई थी, जहां मुझे रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होना था। मैं 6E 719 फ्लाइट में सीट 1F पर बैठी थी। तभी 4-6 लोग ग्रुप में फ्लाइट में चढ़े, मुझे घूरा और फिर फ्लाइट के पिछले हिस्से में चले गए।'
महुआ मोहत्रा ने की कार्रवाई की मांग
उन्होंने आगे बताया, 'जब फ्लाइट लैंड हुई, तब दरवाजे खुलने से ठीक पहले उन्होंने यह हरकत की और वीडियो भी बनाया। यह कोई 'नागरिकों का गुस्सा' नहीं है। यह उत्पीड़न है और इससे फ्लाइट के अंदर मेरी सुरक्षा का उल्लंघन हुआ है। ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता कि ये बदतमीज लोग फ्लाइट के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच निकलें। इंडिगो कृपया अपनी क्रू रिपोर्ट देखें, इन लोगों के नाम सार्वजनिक करें, इन्हें शर्मिंदा करें और इन्हें 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डाल दें।' उन्होंने इन लोगों पर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई।
'यह BJP का कल्चर, हैरानी क्यों हो रही?'
महुआ मोइत्रा ने एक और पोस्ट में लिखा, 'यह BJP का कल्चर है। इसमें किसी को हैरानी क्यों हो रही है? मैंने इसे नजरअंदाज किया और एयरपोर्ट से अपनी मीटिंग के लिए चली गई। फिर लोगों ने मुझे वह वीडियो भेजे जिसे 'संघी' लोग 'वायरल' कर रहे थे। तभी मैंने इस पर आवाज उठाई। इंडिगो ने मुझसे कहा कि उन्हें एक औपचारिक शिकायत चाहिए। जिसे मैं भेज रही हूं।'
महुआ ने दर्ज कराई आधिकारिक शिकायत
इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना शिकायत पत्र पोस्ट किया, जिसमें लिखा है, 'फ्लाइट के दौरान हुई घटना को लेकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। कृपया मुझे की गई कार्रवाई के बारे में सूचित करें।'
बता दें कि यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। अब राज्य में भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 May 2026 at 13:39 IST