सुबह-सुबह ठाणे के उथलसर में बार एंड रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, काउंटर-फ्रिज समेत अन्य सामान जलकर खाक; लाखों का नुकसान

Maharashtra Fire: ठाणे के उथलसर नाका इलाके में स्थित 'माय बार रेस्टोरेंट एंड बार' में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों का सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि, दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया।

 
Follow :

Maharashtra Fire: महाराष्ट्र के ठाणे में शुक्रवार की सुबह-सुबह एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां उस वक्त हड़कंप मच गया जब ठाणे के उथलसर नाका इलाके में स्थित 'माय बार रेस्टोरेंट एंड बार' में अचानक आग भड़क उठी। 

जानकारी के मुताबिक, यह आग लगने की घटना 13 नवंबर की सुबह करीब 5:42 बजे हुई। यह रेस्टोरेंट उथलसर प्रभाग समिति कार्यालय के नजदीक नांदगावकर हाइट्स के पास स्थित बताया जा रहा है।

दमकल की गाड़ियां मौके पर 

आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां, एक रेस्क्यू वाहन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही स्थिति को संभालने के लिए राबोडी पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

करीब आधे घंटे में आग पर पाया काबू

दमकल कर्मियों और आपदा प्रबंधन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम के संयुक्त प्रयासों के चलते करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:20 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। इस दौरान राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते बुझा लिया गया, जिससे यह अधिक नहीं फैल सकी। प्रशासन के अनुसार, फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

लाखों का सामान जलकर राख

हालांकि, इस अग्निकांड में रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर पर रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया। नुकसान हुए सामानों में काउंटर, फ्रिज, टेबल-कुर्सियां, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Earthquake: देर रात उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और सुबह असम में महसूस किए गए भूकंप के झटके, जानिए कितनी रही तीव्रता

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 13 November 2026 at 08:18 IST