महाराष्ट्र के पंढरपुर में बड़ा हादसा, कुएं में गिरी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 14 लोगों की मौके पर मौत

Maharashtra: हादसा सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका में म्हासवाड-पंढरपुर मार्ग पर तांडुवाड़ी गांव के पास हुआ। 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

 
Follow :

Maharashtra Accident news: महाराष्ट्र से एक बड़े और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। पंढरपुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन कुएं में गिर गई। हादसे में 14 लोगों की मौके पर मौत की सूचना है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक पंढरपुर तालुका के रंजनी गांव के रहने वाले थे। 

गांव लौटते समय हादसा

मिली जानकारी के अनुसार हादसा सोलापुर जिले के मालशिरस तहसील में म्हसवड-पंढरपुर मार्ग पर तांडुवाड़ी गांव के पास हुआ है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों में वे श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं, जो म्हसवड में सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन करने गए थे। दुर्घटना तब हुई, जब वह अपने गांव लौट रहे थे।

मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल

दुर्घटना की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। हालांकि, कहा जा रहा है कि चालक के नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कुआं सड़क के किनारे था, जो पानी से भरा हुआ था। कुएं में कोई रेलिंग भी नहीं थी, इसलिए पिकअप सीधे पानी में चली गई और इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई। अब तक 8 शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, बाकी शवों को निकालने के प्रयास जारी हैं। मृतकों में चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। वहीं, 7 लोगों को बचाया भी गया है। उनको इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। 

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। वहीं, घटना के बाद आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल राहत बचाव कार्य जारी है। घटना पर सोलापुर के पालक मंत्री जयकुमार गोरे ने कहा है कि इस हादसे की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। 

यह भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, Email मिलने के बाद जारी किया गया हाई अलर्ट; तलाशी अभियान शुरू


 

 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 14 June 2026 at 18:27 IST