महाराष्ट्र: खुद को पुलिस अधिकारी बताकर शादी का झांसा देने के आरोप में शख्स गिरफ्तार

स्वयं को दिल्ली अपराध शाखा का अधिकारी बताकर कई महिलाओं से शादी का झूठा वादा करने और उन्हें धोखा देने के आरोप में पुलिस ने यहां एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

Follow :  
×

Share


arrested | Image: Representative

Maharashtra: स्वयं को दिल्ली अपराध शाखा का अधिकारी बताकर कई महिलाओं से शादी का झूठा वादा करने और उन्हें धोखा देने के आरोप में पुलिस ने यहां एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आरोप है कि इस व्यक्ति ने विवाह के लिए योग्य जीवनसाथी तलाशने में मदद करने वाली वेबसाइट के जरिए कई महिलाओं से दोस्ती की और उनसे विवाह का झूठा वादा कर उन्हें धोखा दिया।

पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, एक महिला की शिकायत के बाद महाराष्ट्र के पालघर जिले में वालिव पुलिस द्वारा दर्ज मामले की जांच के बाद आरोपी हिमांशु योगेशभाई पांचाल (26) को मंगलवार को उसके पैतृक स्थान अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया।

विज्ञप्ति में बताया गया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान पता चला कि उसने विवाह के लिए योग्य जीवनसाथी तलाशने में मदद करने वाली वेबसाइट के जरिए करीब एक दर्जन महिलाओं से संपर्क किया और उन्हें धोखा दिया।

इसमें बताया गया कि आरोपी खुद को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के साइबर सुरक्षा प्रकोष्ठ का अधिकारी बताता था। उसने वेबसाइट के जरिए वालिव की एक महिला से संपर्क किया और उससे शादी का वादा कर उसे ठगा।

वलिव पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला को कई होटल एवं लॉज में बुलाया और कई मौकों पर उससे बलात्कार किया। उसने महिला को उपहार के तौर पर नकली हीरा भी दिया।

महिला की शिकायत के आधार पर वालिव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) (बलात्कार) और 318(4) (छद्मवेश धारण करके धोखाधड़ी) के तहत व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस जांच दल ने मंगलवार को अहमदाबाद से व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: केजरीवाल को हराते ही छाए, आखिरी पल तक रेस में सबसे आगे.... फिर क्यों प्रवेश वर्मा को नहीं बनाया गया CM?

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 20 February 2025 at 14:34 IST