अपडेटेड 26 November 2024 at 09:19 IST
CM शिंदे आज दे सकते हैं इस्तीफा, सरकार का कार्यकाल खत्म; नए मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बरकरार
महाराष्ट्र में मौजूदा सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में एकनाथ शिंदे आज राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सस्पेंस अब भी बरकरार है। राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर सियासत भी जारी है। आज, 26 नवंबर को महाराष्ट्र में मौजूदा सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। हालांकि,नए सीएम के नाम के ऐलान तक वो कार्यवाहक सीएम के रूप बने रहेंगे।
महाराष्ट्र के नए सी्एम के नाम को लेकर महायुति में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस बीच डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस अपनी पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के लिए सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अकेले 132 सीटों पर कब्जा कर महायुति को प्रचंड जीत दिलाई है। ऐसे में फडणवीस का नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।
एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने के लिए प्रार्थना
महाराष्ट्र में अगली सरकार के गठन की रूपरेखा पर चर्चा के लिए फडणवीस मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात कर सकते हैं। वहीं, दूसरी ओर शिंदे की शिवसेना एक बार फिर से उन्हें मुख्यमंत्री के पद पर देखना चाह रही है। एकनाथ शिंदे को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए शिवसेना के कई कार्यकर्ताओं ने ठाणे के मंदिरों में प्रार्थना सभाएं रखीं। इस बीच सीएम शिंदे ने अपने X पोस्ट हलचल और बढ़ा दी है। उन्होंने अपने समर्थकों से वर्षा बंगले पर एकसाथ जमा नहीं होने की अपील की है।
शिंदे ने X पोस्ट से बढ़ाई हलचल
सीएम एकनाथ शिंदे ने X पोस्ट में लिखा, महायुती की बड़ी जीत के बाद एक बार फिर हमारी सरकार बनेगी। महागठबंधन के तौर पर हमने एक साथ मिलकर चुनाव लड़ा और आज भी साथ है। उन्होंने आगे लिखा, मेरे प्रति प्रेम के कारण, कुछ मंडलों ने सभी से एक साथ इकट्ठा होने और मुंबई आने की अपील की है। मैं आपके प्यार के लिए बहुत आभारी हूं, लेकिन मैं आप सबसे अपील करता हूं कि कोई भी इस तरह से मेरे समर्थन में एकजुट न हो। एक बार फिर मेरा विनम्र अनुरोध है कि शिवसेना कार्यकर्ता वर्षा निवास या कहीं और इकट्ठा न हों। मजबूत और समृद्ध महाराष्ट्र के लिए महायुति मजबूत है और मजबूत रहेगा।
CM के नाम पर सस्पेंस बरकरार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले ‘महायुति’ गठबंधन ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 235 सीट हासिल की हैं। जिसमें बाजेपी अकेली 135 सीटों पर कब्जा कर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी की महाराष्ट्र में ये अब तक की सबसे बड़ी जीत है। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 सीट पर जीत हासिल की और अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने 41 सीट पर जीत दर्ज की है। मौजूदा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे है। अब देखना को होगा की शीर्ष नेतृत्व क्या फैसला लेता है, फडणवीस तीसरी बार सीएम पद संभालते हैं या एकनाथ शिंदे को दूसरा कार्यकाल मिलेगा?
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 26 November 2024 at 09:17 IST