अपडेटेड 3 February 2026 at 12:02 IST
MP: पति की लाश के पास किया मेकअप, पहनी डिजाइनर साड़ी फिर बीयर पीकर खूब नाची...रील बनाने से रोकने पर पत्नी ने गला घोंट कर दी हत्या
मध्य प्रदेश के झाबुआ में रील बनाने से रोकने पर पत्नी ने पति की हत्या कर दी। उसने शादी में पहने जाने वाली पगड़ी को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और पति की गला घोंट दी।
मध्य प्रदेश के झाबुआ में रील बनाने से रोकने पर पत्नी ने पति की हत्या कर दी। उसने शादी में पहने जाने वाली पगड़ी को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और पति की गला घोंट दी। इसके बाद पत्नी की जो हरकत सामने आई उसने सबको हैरान कर दिया। जानकारी के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने पति की लाश के पास मेकअप किया, फिर बीयर पीकर डांस किया और फिर रील बनाकर अपलोड किया। पत्नी के बीयर पीने और डांस करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने बताया कि 28 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि 25 वर्षीय कैलाश पिता रायचंद माल का शव उसके घर में संदिग्ध हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को शुरुआती जांच में मामला उलझा हुआ लगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि कैलाश की गला दबाकर हत्या की गई है।
पुलिस ने इसी पॉइंट पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान पता लगा कि कैलाश अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। जिसके कारण उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने इसे आधार बनाकर पत्नी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। जहां सख्ती बरतने पर पत्नी ने अपराध कबूल लिया।
भतीजी की मदद से पहनी साड़ी
घटना बीती 28 जनवरी की सुबह की है। उसी दिन परिवार में चाचा थावर सिंह माल के बेटे बंटी की शादी थी और घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं। जानकारी के अनुसार, पति की लाश घर में पड़ी होने के बावजूद महिला ने वहीं खड़े होकर श्रृंगार किया। उसने साड़ी पहनने में अपनी भतीजी की मदद भी ली।
जब भतीजी ने कैलाश को जगाने की बात कही तो महिला ने यह कहकर मना कर दिया कि कैलाश ने खुद ही जगाने से मना किया है और वह बारात में शामिल नहीं होगा। इसके बाद आरोपी पत्नी ने बीयर पी और घर के बाहर बने मंडप में पहुंची। वो मंडप के पास अन्य लोगों के साथ नाचती भी नजर आई। अब इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे लोगों में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिल रहा है।
बीते जुलाई में ही हुई थी कैलाश की शादी
कैलाश की शादी करीब एक साल हुई थी। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। फिलहाल, दंपती को कोई बच्चा नहीं है। परिवार को उम्मीद थी कि नए रिश्ते से घर में खुशियां आएंगी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह रिश्ता इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 3 February 2026 at 12:02 IST