ईंट-पत्थरों से पीटा, पति ने रॉड से मारा... ससुराल में बर्बरता की हदें पार, 32 साल की महिला ने हाथ पर मेहंदी से लिखा सुसाइड नोट; फिर...

छिंदवाड़ा से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 32 साल की एक महिला ने मरने से पहले अपने ही शरीर पर मेहंदी से अपनी आपबीती लिख डाली।

 
Follow :
ससुराल में बर्बरता की हदें पार | Image: Republic

छिंदवाड़ा से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 32 साल की एक महिला ने मरने से पहले अपने ही शरीर पर मेहंदी से अपनी आपबीती लिख डाली।

चौरई थाना क्षेत्र के चन्हिया खुर्द गांव में ब्याही प्रीति वर्मा नाम की महिला ने घर में मौजूद जहरीली दवा निगल ली थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दो दिन तक उसकी जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया, मगर वह जिंदगी की जंग हार गई।

अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों और वहां मौजूद लोगों का ध्यान उसके हाथों और पैरों पर गया, जहां मेहंदी से कुछ पंक्तियां लिखी हुई थीं। गौर करने पर पता चला कि यह कोई सामान्य साज-सज्जा नहीं, बल्कि प्रीति ने अपने ऊपर हुए अत्याचारों का ब्योरा दर्ज किया था। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स सिहर उठा।

परिवार के आरोप

मृतिका की मां राजकुमारी जंघेला का कहना है कि बेटी की मौत की सूचना उन्हें प्रीति की छोटी बेटी ने दी थी, और जब तक वे पहुंचीं, हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। मां के मुताबिक, प्रीति ने दम तोड़ने से पहले बताया कि ससुराल में उसके साथ बर्बरता की हद पार कर दी गई। उसे ईंट-पत्थरों से पीटा गया, पति ने रॉड जैसी किसी चीज से भी वार किए, जिसके निशान उसकी पीठ पर साफ दिखाई दे रहे थे। परिवार का आरोप है कि जबरन पकड़कर उसे जहरीली दवा पिलाई गई।

राजकुमारी के अनुसार, दामाद को शराब की लत थी और वह अक्सर सुबह से ही पीकर पैसों की मांग को लेकर प्रीति से मारपीट करता था। 13 साल की शादीशुदा जिंदगी में यह सिलसिला थमने के बजाय बढ़ता ही गया।

तंग आकर प्रीति करीब एक साल पहले बंडोल स्थित मायके आकर रहने लगी थी, जहां मां ही उसके खाने-रहने का इंतजाम करती थी। लगभग दो-तीन हफ्ते पहले पति उसे यह भरोसा दिलाकर वापस ले गया कि उसने नया घर बनवा लिया है और अब सब ठीक हो जाएगा। मां ने भी उम्मीद के साथ बेटी को जरूरी सामान देकर विदा किया, लेकिन कुछ ही दिनों में वहां फिर वही प्रताड़ना शुरू हो गई।

पुलिस की जांच जारी

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतिका के परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

ये भी पढ़ेंः ईरान ने जारी की अपनी KILL लिस्ट, दुनिया के 13 बड़े नेताओं का नाम

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 12 July 2026 at 18:31 IST