MP Train Accident: मुरैना में बड़ा हादसा, बोगी में आग की अफवाह से मची अफरातफरी, ट्रैक पर कूदे लोग; दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 4 की मौत

मुरैना के हेतमपुर स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के चलते यात्रियों में भगदड़ मच गई। कुछ यात्री ट्रैक पर कूद गए। उसी समय विपरीत दिशा से आ रही ट्रेन चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।

 
Follow :
MP Train Accident | Image: ANI

मध्य प्रदेश के मुरैना में ट्रेन हादसे में एक मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के चलते यात्रियों में भगदड़ मच गई। कुछ यात्री जान बचाने के लिए ट्रैक पर कूद गए। ठीक उसी समय विपरीत दिशा से आ रही ट्रेन चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। मरन वालों में एक बच्चा भी शामिल है। घटना मुरैना के हेतमपुर स्टेशन की बताई जा रही है।

पुलिस और रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार 14 जून को शाम चार बजे मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। हेतमपुर स्टेशन पर पहुंचते ही ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। यात्रियों में दहशत का माहौल बनते ही लोग बिना सोचे-समझे ट्रेन से कूदने लगे और दूसरे ट्रैक पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस से टकरा गए।

मुरैना SP ने बताया कैसे हुआ हादसा

मुरैना SP धर्मराज मीणा ने कहा, "आज धौलपुर बॉर्डर पर हमें रेलवे लाइन के पास एक घटना की जानकारी मिली। एक ग्रामीण ने हमें सूचना दी और पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। पता चला कि यात्री खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी ट्रेन से उतरे थे, जबकि बगल वाली पटरी से पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी, ट्रेन की चपेट में आने से तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। हादसे में कुछ लोग घायल भी हो गए हैं।

June 15, 2026

मरने वालों की हुई पहचान

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर तीन महिलाओं और एक बच्चे की लाशें बरामद कर ली गई है। स्थानीय प्रशासन और रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान आफरीन (35 वर्ष), अशद (4 वर्ष), शकुंतला (60 वर्ष) और वीरमा देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है।

रेलवे ने दिए जांच के आदेश

रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग की अफवाह को हादसे की वजह बताई जा रही है। ट्रैक को क्लियर करा लिया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना समझें न उतरें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।

यह भी पढ़ें: विजय सैनी हत्याकांड: STF के साथ मुठभेड़ में गैंगस्टर इन्द्रपाल ढेर

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 15 June 2026 at 07:09 IST