MP: अवैध सब्जी मंडी हटाने के दौरान इंदौर में जोरदार हंगामा, निगम कर्मचारी को नेता प्रतिपक्ष सोनिला मीमरोट ने जड़ दिया जोरदार थप्पड़ फिर... VIDEO

इंदौर के फूटी कोठी चौराहे के पास वर्षों से संचालित हो रही पुरानी सब्जी मंडी को हटाने के लिए नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम के दौरान निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थानीय लोगों और व्यापारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

 
Follow :

इंदौर के फूटी कोठी चौराहे के पास लंबे समय से संचालित हो रही सब्जी मंडी को हटाने पहुंचे नगर निगम के अमले को शनिवार को जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भी व्यापारियों के समर्थन में मौके पर पहुंचीं। उन्होंने निगम अधिकारियों से इस कार्रवाई को तत्काल रोकने का आग्रह किया, लेकिन प्रशासन अपने फैसले पर अड़ा रहा और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी रखी।

सड़क पर धरने पर बैठीं नेता प्रतिपक्ष, अधिकारियों को दी तीखी चेतावनी

नगर निगम की कार्रवाई का विरोध जताते हुए नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट मंडी के व्यापारियों के साथ मुख्य सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। शुरुआत में उन्होंने अधिकारियों से हाथ जोड़कर कार्रवाई न करने की अपील की, लेकिन जब अमला नहीं माना तो उन्होंने कड़ा रुख अपना लिया। सोनिला मिमरोट ने निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर बात करते हुए आरोप लगाया कि इस पूरी कार्रवाई के पीछे पैसा कमाने की राजनीति चल रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यहां से दुकानें हटाई गईं तो परिणाम गंभीर होंगे और व्यापारियों के हक के लिए वे अपनी जान तक देने को तैयार हैं। हालांकि, इस तीखे विरोध के बावजूद निगम की टीम पीछे नहीं हटी।

ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की अनुमति की मांग

प्रदर्शन कर रहे सब्जी व्यापारियों और नेता प्रतिपक्ष की मुख्य मांग है कि उन्हें फूटी कोठी चौराहे पर बने ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की अनुमति प्रदान की जाए। व्यापारियों का तर्क है कि नगर निगम द्वारा उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जो नया स्थान आवंटित किया जा रहा है, वह क्षेत्रफल के लिहाज से बेहद छोटा है। कम जगह होने के कारण मंडी के सभी पुराने व्यापारी वहां अपनी दुकानें नहीं लगा पाएंगे, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

महापौर की चुप्पी और पुराने आश्वासनों पर उठाए सवाल

इस पूरे विवाद के बीच सोनिला मिमरोट ने महापौर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में शिवराज सिंह चौहान और स्वयं महापौर ने इसी स्थान पर सब्जी मंडी संचालित करने का आश्वासन दिया था। नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया कि जब पहले सहमति बन चुकी थी, तो अब महापौर व्यापारियों की इस विकट समस्या पर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं और उन्हें उजाड़ा जा रहा है।

ये भी पढ़ें - UP: सपा ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों का किया ऐलान तो केशव मौर्य बोले- 'वो चाहे पांच पर उतारें या 403 पर भाजपा...', बृजभूषण शरण सिंह ने क्या कहा?
 

 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 25 November 2026 at 15:42 IST