MP: लिफ्ट में फंसे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, मची अफरा-तफरी; 15 मिनट तक अटकी रही सांसे; देखें रेस्क्यू का VIDEO

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा जयेंद्रगंज इलाके में एक इंग्लिश कोचिंग क्लास की नई ब्रांच के उद्घाटन करने पहुंचे थे, इस दौरान वो लिफ्ट में फंस गए। करीब 15 मिनट तक वो लिफ्ट में फंसे रहे। रेस्क्यू का VIDEO भी सामने आया है।

 
Follow :

मध्य प्रदेश के ग्वालियार में एक कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ नरोत्तम मिश्रा लिफ्ट में फंस गए। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट करीब 10 से 15 मिनट तक अटकी रही। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने लिफ्ट का दरवाजा खोलकर नरोत्तम मिश्रा और उनके साथ फंसे लोगों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा जयेंद्रगंज इलाके में एक इंग्लिश कोचिंग क्लास की नई ब्रांच के उद्घाटन करने पहुंचे थे, इस दौरान वो लिफ्ट में फंस गए। ‘ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस’ की नई ब्रांच का शुभारंभ लश्कर क्षेत्र के जयेंद्रगंज स्थित संजय कॉम्प्लेक्स के सामने वाली बिल्डिंग में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. नरोत्तम मिश्रा शाम को स्थल पर पहुंचे। वे पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए।

तकनीकी खराबी के कारण फंसी लिफ्ट

रास्ते में दूसरे फ्लोर पर लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण अटक गई। लिफ्ट में नरोत्तम मिश्रा के साथ उनके सुरक्षा गार्ड भी मौजूद थे। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत दरवाजा खोलने की कोशिश शुरू की। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और डॉ. मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान आयोजक, उनके सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी काफी परेशान रहे।

रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने शूट किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लिफ्ट से बाहर आने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कोचिंग संस्थान का रिबन काटकर औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो और वीडियो शेयर किए। उन्होंने इस कोचिंग को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर विकल्प बताया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुए हैं।

यह भी पढ़ें: सौरभ दास और आशुतोष रांका फिर हिरासत में, तिरंगा लेकर पहुंचे थे जंतर-मंतर

 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 13 October 2026 at 12:54 IST