अपडेटेड 25 March 2025 at 12:23 IST
ग्वालियर में घूम रही रहस्यमयी 'स्त्री' का खौफ, आधी रात बजाती है घरों की घंटी और...VIDEO देख पुलिस भी सन्न
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रात के समय दबे पांव आकर घरों की घंटियां बजाते रहस्यमयी महिला का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जो हैरान कर देने वाला है।
Gwalior Mysterious Women: गलियों में घूमना, डोर बेल बजाना और फिर गायब हो जाना... मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां एक संदिग्ध महिला को रात के समय दबे पांव घरों की घंटियां बजाते देखा गया है। इस घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल है।
ये पूरा मामला हजीरा चार शहर इलाके के राजा मंडी क्षेत्र का है। यहां कथिततौर पर सफेद कपड़ों में महिला गलियों में घूमती है। लोगों के घरों की घंटियां बजाती है और फिर गायब हो जाती है। इस रहस्यमयी महिला की हरकत लोगों के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। हालांकि, सीसीटीवी में महिला का चेहरा साफ नहीं दिखाई दे रहा है। इस महिला के बारे में इलाके में रहने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी तरह की जानकारी नहीं है।
दबे पांव आकर बजाई घरों की घंटी
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे एक महिला सफेद कपड़ों में नजर आ रही है। उसने अपने आपको पूरी तरह से ढक रखा है। यहां तक कि उसने अपना चेहरा भी दुपट्टे से छिपाया हुआ है। महिला को रात की अंधेरे में हर घर की घंटी बजाते देखा जा सकता है। घंटी बजाने के बाद उसे वहां से जाते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, कैमरे में महिला के अलावा गाय और कुत्तों को भी वहां से तेजी से भागते हुए देखा जा सकता है। अब ये नजारा इस घटना को और ज्यादा रहस्यमयी बना रहा है।
भूत-प्रेत से जोड़कर देख रहे लोग
इस घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की अफवाहें फैल रही है। कुछ लोग इसे भूत-प्रेत से जोड़कर देख रहे हैं तो वहीं कुछ अन्य इसे शरारती तत्व की साजिश मान रहे हैं। वहीं कुछ लोग महिला के इस हरकत के पीछे की मंशा का कयास लगा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इस घटना को लेकर किसी की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं घटना का सीसीटीवी वायरल होने के बाद एसपी की ओर से थाना प्रभारी को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
बता दें कि यह पहली घटना नहीं है जब इस तरह की कोई घटना सामने आई है। पहले भी इसी इलाके से घरों की घंटियां बजाने का मामला सामने आया था। तब पुलिस ने एक महिला को पकड़ा था जिसने बताया था कि वह घर की तलाश में ऐसा कर रही थी। इस बार वायरल हो रही महिला का कोई सुराग नहीं मिला है। यही वजह है कि इलाके के लोग बेहद डरे हुए हैं। यहां लोग कथिततौर पर भूत-प्रेत भगाने के लिए पूजा पाठ और मंत्रों का जाप कर रहे हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 25 March 2025 at 12:23 IST