मध्यप्रदेश में निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बन रहा: जापान के महावाणिज्यदूत

यागी कोजी ने कहा कि मध्यप्रदेश नई औद्योगिक प्रोत्साहन नीति की शुरुआत और कारोबार को आसान बनाने पर ध्यान केंद्रित करके निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बना रहा है।

Follow :  
×

Share


Yagi Koji, Consul General of Japan in Mumbai | Image: Yagi Koji

जापान के मुंबई स्थित महावाणिज्यदूत यागी कोजी ने सोमवार को कहा कि मध्यप्रदेश नई औद्योगिक प्रोत्साहन नीति की शुरुआत और कारोबार को आसान बनाने पर ध्यान केंद्रित करके निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बना रहा है। उन्होंने यहां मध्य प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएस) 2025 को संबोधित करते हुए उम्मीद जताई कि नई पहल से राज्य में जापानी निवेशकों के लिए कारोबार को आसान बनाने में मदद मिलेगी।

कोजी ने कहा, ''हमारे दोनों नेताओं, प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाओस में आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने की पुष्टि की... इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारे मजबूत आर्थिक संबंध इस साझेदारी की रीढ़ हैं। चूंकि भारत विकसित भारत 2047 को साकार करने का प्रयास कर रहा है, इसलिए जापान का ज्ञान, प्रौद्योगिकी और निवेश इस देश के लिए बहुत उपयोगी होगा।''

उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में भारत में जापानी प्रत्यक्ष निवेश 284 प्रतिशत बढ़ा है, जो 282 अरब येन से बढ़कर 1,082 अरब येन हो गया है। अगले पांच वर्षों में भारत में सार्वजनिक और निजी निवेश और वित्तपोषण का 5,000 अरब येन का लक्ष्य भी सही दिशा में है।

कोजी ने कहा, ''जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन की आशाजनक निवेश स्थलों पर सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, भारत लगातार तीन वर्षों से शीर्ष निवेश गंतव्य बना हुआ है।''

उन्होंने कहा कि भारत में जापानी निवेश का 60 प्रतिशत विनिर्माण क्षेत्र में है, और आने वाले वर्षों में यह प्रवृत्ति जारी रहेगी।

कोजी ने कहा, ''मध्यप्रदेश दिल्ली-नागपुर औद्योगिक गलियारे जैसे बुनियादी ढांचे के विकास में प्रगति कर रहा है... राज्य ने नई औद्योगिक प्रोत्साहन नीति भी शुरू की है और प्रक्रियाओं को सरल बनाकर, एकल खिड़की मंजूरी प्रणाली की पेशकश करके, नौकरशाही बाधाओं को कम करके और अनुमोदन और परमिट के लिए ऑनलाइन पोर्टल लागू करके व्यापार करने में आसानी पर ध्यान केंद्रित किया है।''

इसे भी पढ़ें: 'महबूब नाराज हो जाए तो..', BJP की महिला विधायक ने कही ऐसी बात, लगे ठहाके

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 24 February 2025 at 19:31 IST