VIDEO: 'मुझे सब मार रहे थे, मैंने...', लखनऊ ट्रिपल मर्डर का खौफनाक वीडियो आया सामने, ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते दिखा आरोपी ऋषभ
लखनऊ के सआदतगंज इलाके में बीते सोमवार को हुए ट्रिपल मर्डर का वीडियो सोशल मीडिया तेजी वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी ऋषभ ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते दिख रहा है।
- भारत
- 2 min read
यूपी की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में बीते सोमवार को हुए ट्रिपल मर्डर का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी ऋषभ शुक्ला तीन लोगों पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए साफ दिख रहा है। फायरिंग के दौरान चीख-पुकार की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। चबूतरे के मामूली विवाद में ऋषभ ने तीन लोगों को मौत की नींद सुला दी।
बता दें कि बीते सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला, नौबस्ता में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतकों में शिवाजी तिवारी, उनके बेटे सुयश तिवारी और शिवाजी के भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चबूतरे और गाड़ी पार्किंग को लेकर पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद बढ़ा और ऋषभ शुक्ला ने फायरिंग शुरू कर दी।
वीडियो में फायरिंग करता दिखा ऋषभ
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि हो-हल्ला सुनकर शिवेंद्र तिवारी बाहर निकले। इसके बाद ऋषभ ने कथित रूप से पहले शंभू और शिवाजी तिवारी पर गोली चलाई। गोलियों की आवाज सुनकर बाहर आए सुयश पर भी फायरिंग कर दी। शिवाजी और सुयश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
फायरिंग के बाद फोन पर की बात
घटना का दो वीडियो सामने आया है। दूसरे वीडियो में ऋषभ शुक्ला फायरिंग के बाद किसी को फोन पर बताते हुए सुनाई दे रहा है, “हमको डंडे से पीटा… गुम्मे से मारा… इसके बाद मैंने गोली मारी है।” दूसरे वीडियो में एक दारोगा ऋषभ को पकड़े हुए दिखता है। इसमें एक युवती ऋषभ के पक्ष में बोलती सुनाई दे रही है कि उसने सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई थी। आसपास के लोग डर के मारे बचाने नहीं आ रहे थे।
अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार
गौरतलब है कि घटना से पहले बीते 27 अक्टूबर को आरोपी ऋषभ के घर को एलडीए ने सील कर दिया था। अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन भी हुआ था। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राजेश शुक्ला और उसकी भतीजी दिव्या अभी भी फरार हैं। दोनों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। मामला सआदतगंज थाने में दर्ज है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 29 October 2026 at 23:06 IST