LPG Price Hike: फिर लगा महंगाई का बड़ा झटका, नए वित्त वर्ष के पहले ही दिन LPG की कीमतों में भारी बढ़ोतरी; यहां जानें नई रेट
LPG New Price: नए वित्त वर्ष की शुरुआत महंगाई की खबर लेकर आई है। सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। आइये जानते हैं क्या है नई कीमतें?
LPG Price Today 1 April 2026: नए वित्त वर्ष की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए महंगाई की खबर लेकर आई है। सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
कितनी बढ़ी कीमत?
1 अप्रैल से लागू नई कीमतों के अनुसार 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में करीब 195 से 218 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
- दिल्ली: ₹2078.50 (पहले ₹1884.50)
- मुंबई: ₹2031
- कोलकाता: ₹2208
- चेन्नई: ₹2246.50
- पटना: ₹2365
- जयपुर: ₹2031
घरेलू गैस सिलेंडर में राहत
अच्छी बात यह है कि घरेलू LPG सिलेंडर (14.2 किलो) के दामों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत अभी भी ₹913 बनी हुई है।
क्यों बढ़े दाम?
इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है। मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। ग्लोबल तेल की कीमतों में करीब 50% तक उछाल आया है। इसी का असर अब LPG के दामों पर भी दिख रहा है।
हर महीने बदलती हैं कीमतें
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG और ATF की कीमतों की समीक्षा करती हैं। नई कीमतें अंतरराष्ट्रीय दरों और डॉलर-रुपये के एक्सचेंज रेट के आधार पर तय होती हैं।
पहले भी बढ़ चुके हैं दाम
1 मार्च 2026 में कमर्शियल सिलेंडर ₹114.5 महंगा हुआ था। इसके बाद 7 मार्च 2026 घरेलू सिलेंडर ₹60 महंगा हुआ। इस से पहले अप्रैल 2025 में भी ₹50 की बढ़ोतरी हुई थी। यानी पिछले एक साल में LPG की कीमतों में कई बार इजाफा हो चुका है।
आम जनता पर असर
कमर्शियल गैस महंगी होने का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। होटल और रेस्टोरेंट खाने के दाम बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा बाहर खाना या ऑनलाइन फूड ऑर्डर करना महंगा हो सकता है। छोटे दुकानदारों की लागत बढ़ेगी।
पेट्रोल-डीजल का क्या हाल?
हालांकि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। बता दें कि दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹94.72 प्रति लीटर है और डीजल की ₹87.62 प्रति लीटर है।
कमर्शियल LPG की कीमतों में बढ़ोतरी ने नए साल की शुरुआत महंगी कर दी है। भले ही घरेलू गैस के दाम अभी स्थिर हैं, लेकिन बाहर खाने-पीने और छोटे व्यवसायों पर इसका असर जल्द देखने को मिल सकता है।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 1 April 2026 at 07:27 IST