'अगर कॉकरोच है तो हिट भी है, इलाज हो जाएगा', कॉकरोच जनता पार्टी पर अब कुमार विश्वास ने कसा तंज
Kumar Vishwas on Cockroach Janta Party: डॉ. कुमार कुमार विश्वास ने अब 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अगर कॉकरोच का निर्माण हुआ है, तो इस देश में हिट भी बने हैं।
Kumar Vishwas on Cockroach Janta Party: देश में इन दिनों 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) नामक दिलचस्प ऑनलाइन आंदोलन चल रहा है। एक ओर इसे विपक्षी नेताओं का समर्थन मिल रहा है, जबकि सत्ता पक्ष इसे 'साजिश' बता रहा है। इस बीच मशहूर कवि और पूर्व राजनेता डॉ. कुमार विश्वास ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर कॉकरोच हैं, तो देश में हिट भी मौजूद है।
दरअसल, उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल चुनावी रणनीति साधने में लगे हुए हैं। इन सबके बीच अचानक बनी कॉकरोच जनता पार्टी ने हलचल बढ़ा दी है। शनिवार को देहरादून स्थित लेखक गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुमार विश्वास पहुंचे थे। इस दौरान जब उनसे 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर उनकी राय मांगी गई तो उन्होंने तीखा प्रहार किया।
'कॉकरोच जनता पार्टी' पर कुमार विश्वास का तंज
कुमार विश्वास ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' पर तंज कसते हुए कहा, 'जब मैं बड़ा हुआ और मुझे पहली बार कॉकरोच के बारे में पता चला, तब मेरी मां ने बताया था कि कॉकरोच अंधेरे में रहते हैं, इकट्ठा होकर रहते हैं और हर शोभन वस्तु पर आक्रमण करते हैं। कॉकरोच बनी-बनाई व्यवस्थाओं को नाश कर देता है। ये सड़न में पैदा होते हैं और बहुत ही त्याज्य जीव है।'
'हिट' से होगा सफाया- कुमार विश्वास
उन्होंने आगे कहा, 'अगर कॉकरोच का निर्माण हुआ है, तो इस देश में हिट भी बने हैं। बहुत सारे हिट इस समय जागृत हैं। हिट लगातार चाहे कार्यक्रम में हों, चाहे बंगाल में हों या फिर पंजाब की तरह हों, कॉकरोचों का इलाज हो जाएगा।'
कैसे हुआ 'कॉकरोच जनता पार्टी'का उदय?
बता दें कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' युवाओं के भीतर पनप रहे आक्रोश और डिजिटल प्रतिरोध का एक रूप है जिससे यूथ लगातार जुड़ रहे हैं। यह सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद उपजे असंतोष से शुरू हुआ था, जिसके बाद ऑनलाइन सक्रिय युवाओं (Gen Z) ने एक व्यंग्यात्मक डिजिटल मोर्चा खड़ा कर दिया।
कंटेंट क्रिएटर अभिजीत दिपके नाम के युवक ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम से एक डिजिटल मुहिम की नींव रखी। इसके बाद देखते ही देखते इंस्टाग्राम पर सीजेपी के फॉलोअर्स की संख्या 1.50 करोड़ के पार जा पहुंची।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 23 May 2026 at 23:31 IST